MP में रिश्वतखोर बाबू रंगेहाथ गिरफ्तार, 25 हजार लेते लोकायुक्त ने दबोचा
Wednesday, Apr 08, 2026-05:54 PM (IST)
नरसिंहपुर : मध्य प्रदेश में रिश्वतखोरी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे। चाहे वो कोई भी विभाग हो सब में भ्रष्टाचार का कोई न कोई अधिकारी-कर्मचारी लोकायुक्त के हत्थे चढ़ ही जाता है। ताजा मामला नरसिंहपुर से सामने आया है। जहां लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने नगर पालिका के एक बाबू को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। इस कार्रवाई के बाद नगर पालिका कार्यालय में हड़कंप मच गया और कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार, नगर पालिका में पदस्थ बाबू संजय तिवारी के खिलाफ भीष्म नारायण नामक व्यक्ति ने 1 अप्रैल को लोकायुक्त जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि निर्माण कार्य की अमानत राशि लौटाने के बदले बाबू द्वारा 52 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी, जो बाद में 38 हजार रुपये में तय हुई।
शिकायत की जांच के बाद लोकायुक्त टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की। बुधवार को आवेदक को 25 हजार रुपये रिश्वत देने के लिए भेजा गया। जैसे ही संजय तिवारी ने पैसे लिए, पहले से सादे कपड़ों में तैनात टीम ने उसे तुरंत रंगेहाथ पकड़ लिया।
इस कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। लोकायुक्त की इस कार्रवाई से न केवल नगर पालिका के कर्मचारियों में हड़कंप मचा है, बल्कि पूरे शहर में इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है।

