अगर गरीबों की नहीं सुनेंगे तो काहे के DM…कलेक्ट्रेट में युवक की नहीं हुई सुनवाई तो जमकर काटा बवाल (VIDEO)
Thursday, Feb 05, 2026-08:50 PM (IST)
इंदौर : इंदौर में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद नाम जुड़वाने को लेकर एक युवक कलेक्टर कार्यालय में भड़क उठा। कलेक्ट्रेट परिसर में हुए हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। युवक का आरोप है कि SIR प्रक्रिया के बाद उसका नाम सूची से काट दिया गया है और कई बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
जनसुनवाई में बुलावा, लेकिन समाधान नहीं
वीडियो में युवक यह कहते हुए नजर आ रहा है कि वह कई बार कलेक्टर कार्यालय के चक्कर लगा चुका है। हर मंगलवार को उसे जनसुनवाई में बुलाया जाता है, लेकिन कई हफ्तों से आने के बावजूद उसका काम नहीं हो पाया। युवक का आरोप है कि पहले बीएलओ टालमटोल करता रहा और अब जिला प्रशासन भी उसकी बात नहीं सुन रहा है।
वायरल वीडियो
पारिवारिक हालात का दिया हवाला
युवक ने बताया कि उसके पिता का निधन हो चुका है और उसकी मां आंखों से दिखाई नहीं देती। इन्हीं हालातों के बीच नाम कटने से वह मानसिक रूप से परेशान हो गया। गुस्से में युवक ने कलेक्ट्रेट परिसर में अपनी मां से बैग छीनकर उसमें रखे दस्तावेज फाड़ने की कोशिश भी की।
डीएम पर लगाए गंभीर आरोप
युवक वीडियो में यह कहते हुए सुना जा सकता है कि, “डीएम साहब गरीबों की नहीं सुनते। पहले बीएलओ आज-कल करता रहा, अब डीएम कर रहे हैं। अगर डीएम ही गरीबों की नहीं सुनेंगे तो काहे के डीएम…”
प्रशासनिक रवैये पर उठे सवाल
घटना के बाद प्रशासनिक व्यवस्था और SIR प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि इस मामले में जिला प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है और लोग प्रशासन से संवेदनशीलता के साथ समाधान की मांग कर रहे हैं।

