Punjab Kesari MP ads

ACB की बड़ी कार्रवाई: 15,000 रुपये रिश्वत लेते ही पकड़ा गया प्रिंसिपल, हाथ हुए गुलाबी!"

Wednesday, Feb 25, 2026-07:08 PM (IST)

बलौदाबाजार, भाटापारा: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल आर.एन. बया को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोप है कि प्रिंसिपल ने विकलांग शिक्षक का विकलांगता भत्ता जारी करने के एवज में रिश्वत मांगी और रकम न देने पर उनकी सैलरी रोक दी।

मामला कैसे सामने आया?

शिकायतकर्ता दीपक डोंगरे ने बताया कि उनके पिता विजय कुमार डोंगरे, जो स्कूल में शिक्षक हैं, वर्ष 2017-18 में एक दुर्घटना के कारण विकलांग हो गए। उन्हें सरकार द्वारा विशेष विकलांगता भत्ता का हकदार बताया गया।

दीपक ने आरोप लगाया कि प्रिंसिपल बया लगातार 10,000 रुपये प्रति माह रिश्वत की मांग करते थे। हाल ही में उन्होंने पिछले छह महीनों का बकाया निकालने के लिए 15,000 रुपये मांगे, और रकम न देने पर शिक्षक का वेतन रोक दिया।

एसीबी ने कैसे कार्रवाई की?

एसीबी ने शिकायत पर जांच शुरू की और बुधवार को भाटापारा रेलवे स्टेशन के पास प्रिंसिपल को 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की कार्रवाई की गई है।

शिक्षा विभाग में हड़कंप

इस गिरफ्तारी ने शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा दिया है। उल्लेखनीय है कि इसी माह 19 फरवरी को भी पलारी जनपद के एसडीओ को 25,000 रुपये रिश्वत लेते हुए एसीबी ने गिरफ्तार किया था। एसीबी ने साफ किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News