मुरैना के NH 44 पर हादसा, श्रद्धालुओं की इको वैन दुर्घटनाग्रस्त, 7 गंभीर घायल; सोनागिरी दर्शन करने जा रहे थे
Friday, Apr 10, 2026-03:37 PM (IST)
मुरैनाः मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के सरायछोला थाना क्षेत्र में आज एक इको वैन और ट्रैक्टर की टक्कर में एक ही परिवार के सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार हादसा आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर ग्राम सरायछोला के पास उस समय हुआ, जब इको वैन में सवार जैन परिवार के सदस्य उत्तरप्रदेश के टूंडला से दतिया जिले के जैन तीर्थ क्षेत्र सोनागिरी जा रहे थे।
इसी दौरान वैन सामने से आ रहे ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसे में प्रशांत जैन, प्रकाश जैन, पुष्पा जैन, अर्जुन जैन, दीपा जैन, संतोष कुमारी और द्रव्य जैन सहित वैन चालक घायल हो गया। सभी घायलों को तत्काल मुरैना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

