Punjab Kesari MP ads

Big Action! लूट का आरोपी पुलिस हिरासत से हुआ फरार, 3 आरक्षक सस्पेंड

Sunday, Oct 18, 2026-09:27 PM (IST)

छतरपुर (राजेश चौरसिया): बाबा बागेश्वर की सनातन हिंदू एकता रथयात्रा के दौरान हुई लूट के मामले में गिरफ्तार आरोपी ग्वालियर में पुलिस हिरासत से फरार हो गया। हाथ में फ्रैक्चर के इलाज के लिए उसे छतरपुर जिला अस्पताल से ग्वालियर ले जाया गया था। आरोप है कि ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने पर पुलिसकर्मी उसे थाने या किसी निर्धारित सुरक्षित स्थान पर रखने के बजाय एक फ्लैट पर ले गए। 16 अक्टूबर की सुबह पुलिसकर्मियों की नींद खुली तो आरोपी गायब था। मामले में छतरपुर एसपी रजत सकलेचा ने तीन आरक्षकों को निलंबित कर दिया है।

इधर, आरोपी का हथकड़ी पहने खाना खाते हुए एक वीडियो भी सामने आया है। इसे लेकर पुलिस हिरासत में उसे दी जा रही सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, वीडियो कब और कहां बनाया गया, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। आरोपी को किसी तरह की विशेष सुविधा दिए जाने या इसके बदले पुलिसकर्मियों को लाभ मिलने के आरोपों की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

डॉक्टर नहीं मिले तो फ्लैट पर ले गए, सुबह गायब मिला आरोपी

जानकारी के अनुसार, बमीठा थाना क्षेत्र के खैरी गांव के पास गठेवरा निवासी इंद्रजीत सिंह उर्फ बबली राजा के साथ लूट की वारदात हुई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में उत्तराखंड के गाजीवाला शामपुर निवासी शनि उर्फ रामा शर्मा को 14 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। आरोपी को छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके हाथ में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई। 15 अक्टूबर को आगे के इलाज के लिए उसे ग्वालियर ले जाया गया। वहां ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने पर सुबह आने की सलाह दी गई। इसके बाद आरोपी की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी उसे लोटस विला स्थित एक फ्लैट पर ले गए। यह फ्लैट आरक्षक शुभम शर्मा के भाई का बताया गया है। आरोप है कि रात में पुलिसकर्मियों के सो जाने के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया। 16 अक्टूबर की सुबह उसके गायब होने का पता चला। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन वह नहीं मिला।

हिरासत में सुरक्षा पर उठे सवाल, तीन आरक्षक निलंबित

आरोपी को अस्पताल से ग्वालियर ले जाने और वहां ठहराने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में कथित लापरवाही सामने आने के बाद एसपी ने कार्रवाई की। आरक्षक विजय यादव, शुभम शर्मा और संजीव सिंह को निलंबित कर दिया गया है। ग्वालियर में आरोपी के पुलिस हिरासत से फरार होने के मामले में एफआईआर भी दर्ज की गई है।

हथकड़ी में खाना खाते आरोपी का वीडियो सामने आने के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि पुलिस अभिरक्षा में रहते हुए उसे किस तरह की सुविधाएं मिल रही थीं और सुरक्षा में चूक कैसे हुई। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। छतरपुर और ग्वालियर पुलिस संयुक्त रूप से उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही हैं।

एसपी बोले- आरोपी की तलाश जारी

छतरपुर एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि पुलिस हिरासत से लूट के आरोपी के फरार होने के मामले में तीन आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। फरार आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News