85 लाख का कथित गबन: बिरोदा सहकारी समिति में हड़कंप, किसानों की जमा राशि में अनियमितता का खुलासा
Saturday, Feb 28, 2026-02:20 PM (IST)
बुरहानपुर (राजू सिंह) : बुरहानपुर जिले के ग्राम बिरोदा स्थित प्राथमिक सेवा सहकारी समिति मर्या में लगभग 85 लाख रुपए के कथित गबन का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। आरोप है कि वर्ष 2022-23 से 2024-25 के बीच किसानों की जमा बचत राशि में अनियमितता की गई और रकम चरणबद्ध तरीके से निकाली गई। मामले का खुलासा नवंबर 2025 में नए समिति प्रबंधक के पदभार संभालने के बाद ऑडिट के दौरान हुआ। ऑडिट रिपोर्ट में खातों से बड़ी राशि निकाले जाने की बात सामने आई। प्रारंभिक जांच में संदेह तत्कालीन समिति प्रबंधक संतोष महाजन पर जताया गया है।
ऑडिट में सामने आई अनियमितता
नवागत प्रबंधक कनिष्क भालसे ने बताया कि पदभार ग्रहण करने के बाद रिकॉर्ड की जांच कराई गई, जिसमें लगभग 85 लाख रुपए की अनियमितता पाई गई। इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और जांच दल गठित करने की प्रक्रिया जारी है। सूत्रों के अनुसार, पूर्व प्रबंधक पिछले करीब 20 दिनों से शाखा में अनुपस्थित हैं और संपर्क में नहीं हैं।
राशि को लेकर अलग-अलग दावे
वहीं कृषि विकास शाखा के वरिष्ठ प्रबंधक अशोक चौधरी का कहना है कि प्रारंभिक स्तर पर 40 से 50 लाख रुपए की अनियमितता प्रतीत हो रही है। उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत जांच के लिए टीम गठित की जाएगी। यदि वसूली नहीं होती है तो संबंधित के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।
किसानों में चिंता, जवाबदेही पर सवाल
मामले के सामने आने के बाद किसानों में चिंता और आक्रोश का माहौल है। सवाल उठ रहे हैं कि यदि इतनी बड़ी राशि में अनियमितता हुई, तो समय रहते निगरानी क्यों नहीं हो पाई? क्या वरिष्ठ स्तर पर नियमित ऑडिट और मॉनिटरिंग पर्याप्त थी? अब सभी की निगाहें जांच दल की कार्रवाई पर टिकी हैं। देखना होगा कि मामले में जिम्मेदारी तय कर ठोस कार्रवाई होती है या जांच प्रक्रिया लंबी खिंचती है।

