रिश्वत लेते रंगे हाथ कर्मचारी को पकड़ा, रिकॉर्ड सुधार के नाम पर 60 हजार रुपये मांगे थे; ACB की कार्रवाई से मचा हड़कंप
Friday, May 29, 2026-05:19 PM (IST)
रायगढ़ः छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को धरमजयगढ़ अनुविभाग के छाल तहसील कार्यालय में कार्रवाई करते हुए एक कर्मचारी को कथित रूप से रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। एसीबी अधिकारियों ने मौके पर आवश्यक दस्तावेजों और अभिलेखों की जांच शुरू कर दी है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छाल तहसील में लिपिक के रूप में संबद्ध शिक्षक तुलाराम पटेल को बी-1 राजस्व अभिलेख में त्रुटि सुधार के लिए शिकायतकर्ता भानुप्रताप पटेल से कथित रूप से 60 हजार रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में पकड़ा गया। शिकायतकर्ता ग्राम धसकामुड़ा का निवासी बताया गया है। सूत्रों के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने सत्यापन की कार्रवाई की और योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत की राशि लेते हुए गिरफ्तार किया।
एसीबी अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आवश्यक दस्तावेजों और साक्ष्यों की जांच के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल एसीबी की टीम पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

