Punjab Kesari MP ads

किन्नर गुरुओं की हत्या से जुड़े गुमनाम पत्र से हड़कंप, पत्र में दावा, कुछ लोगों ने करवाई रेकी, जान से मारने के लिए शूटर लगाए

Thursday, Jul 02, 2026-08:30 PM (IST)

इंदौर (सचिन बहरानी): इंदौर के नंदलालपुरा किन्नर समाज में उस समय हड़कंप मच गया, जब किन्नर गुरु पायल कुंवर समेत कई किन्नर गुरुओं की हत्या की साजिश से जुड़ा एक गुमनाम पत्र सामने आया। पत्र में दावा किया गया है कि कुछ लोगों ने उनकी रेकी करवाई है और उन्हें जान से मारने के लिए शूटर तक लगाए गए हैं। मामले की शिकायत पंढ़रीनाथ थाने में की गई है। पुलिस ने आवेदन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

 

PunjabKesari

मामला पंढ़रीनाथ थाना क्षेत्र के नंदलालपुरा का है जहा किन्नर समाज की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, 1 जुलाई को एक संदिग्ध युवक इलाके में आया और एक बंद लिफाफा देकर चला गया। जब लिफाफा खोला गया तो उसमें एक हस्तलिखित पत्र मिला, जिसमें सीमा कुंवर, पायल गुरु कुंवर, शिमला कुंवर, झूमर कुंवर, सोना कुंवर, नेत्र कुंवर समेत कई किन्नर गुरुओं के नाम लिखे थे। पत्र में दावा किया गया कि इन सभी की रेकी की जा रही है और उनकी हत्या की साजिश रची गई है।

पत्र के जरिये यह भी बताया गया कि मुंबई की सुमन मिश्रा उर्फ ताई, इंदौर के सलमान सहित कुछ अन्य लोगों के नाम इस साजिश से जुड़े हैं। साथ ही पत्र में सपना हाजी, सनम भास्कर, सचिन सोनकर और शर्मा वकील का भी उल्लेख किया गया है एक जबलपुर के शूटर का जिक्र करते हुए हत्या की योजना होने का दावा किया गया है।शिकायतकर्ताओं पायल गुरु का कहना है कि पत्र लिखने वाले व्यक्ति ने खुद को शुभचिंतक बताते हुए यह जानकारी दी है ताकि कोई बड़ी घटना होने से पहले उन्हें सतर्क किया जा सके।

किन्नर समाज ने पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।वही पंढ़रीनाथ थाना पुलिस ने शिकायत, हस्तलिखित पत्र और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पत्र में लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Desh Raj

Related News