दतिया प्रशासन का एक्शन, बिजली बकाया पर शस्त्र लाइसेंस निलंबित, आदेश जारी
Tuesday, Sep 08, 2026-01:23 PM (IST)
दतिया (नवल यादव) : दतिया जिले में लंबे समय से बिजली का बकाया जमा नहीं करने वाले शस्त्र लाइसेंसधारियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी कार्रवाई के तहत जिला मजिस्ट्रेट स्वप्निल वानखड़े ने 5 लोगों के शस्त्र लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं। यह निलंबन विद्युत बकाया से जुड़े प्रकरण के अंतिम निराकरण तक प्रभावी रहेगा।

प्रशासन के मुताबिक, मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के दतिया वृत्त की ओर से लंबे समय से बिजली के बिलों का भुगतान नहीं करने वाले शस्त्र लाइसेंसधारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मनोहर कुशवाह, अशोक श्रीवास्तव, राधेश्याम, बद्री प्रसाद को बिजली की बकाया राशि जमा कराने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। आदेश के अनुसार, लाइसेंसधारी ने नोटिस का कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया और न ही बकाया बिजली राशि जमा कराई।

जिला मजिस्ट्रेट ने विद्युत विभाग की रिपोर्ट के आधार पर शस्त्र लाइसेंसों को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित हथियारों को तत्काल थाना गोराघाट में जमा कराने के आदेश दिए गए हैं।
प्रशासन ने अपने आदेश में कहा है कि लंबे समय तक विद्युत देयकों का भुगतान नहीं करना तथा विद्युत चोरी जैसे कृत्य जिम्मेदार नागरिक के आचरण के अनुरूप नहीं हैं। ऐसे मामलों में शस्त्र लाइसेंसधारी के पास हथियार होना लोकशांति और सुरक्षा की दृष्टि से उचित नहीं माना जा सकता। बताया गया है कि दतिया जिले में बिजली बकायादार शस्त्र लाइसेंसधारियों से बकाया राशि वसूलने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

