Punjab Kesari MP ads

10 हजार रूपए रिश्वत लेते सहायक प्रबंधक को पकड़ा, अधिकारी के घर पर भी सीबीआई की Raid; मचा हड़कंप

Friday, Jun 12, 2026-09:15 AM (IST)

शहडोलः भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की जबलपुर टीम ने शहडोल में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सहायक प्रबंधक अभयंकर शर्मा को 10,000 रुपये की घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी ने बैंकिंग कियोस्क के संचालन की अनुमति देने के एवज में इस राशि की मांग की थी। गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी ने आरोपी के ग्वालियर स्थित निवास पर भी छापा मारा है।

गुरुद्वारे के पास जाल बिछाकर हुई गिरफ्तारी
यह पूरी कार्रवाई शहडोल के स्थानीय निवासी दीपेंद्र सिंह द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई। सीबीआई से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को तय रणनीति के तहत शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम देने के लिए बैंक अधिकारी के पास पहुंचा था। सहायक प्रबंधक अभयंकर शर्मा ने बैंक परिसर से बाहर आकर पास में स्थित गुरुद्वारे के पास दीपेंद्र सिंह से 10 हजार रुपये की नकदी ली। जैसे ही आरोपी प्रबंधक ने रिश्वत के पैसे अपने हाथ में लिए, वहां सादे कपड़ों में मुस्तैद सीबीआई की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रिश्वत की राशि बरामद कर ली और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

कियोस्क मंजूरी के बदले मांगी थी घूस
फरियादी दीपेंद्र सिंह ने जिले के भीतर चार नए बैंकिंग कियोस्क (ग्राहक सेवा केंद्र) खोलने के लिए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में आवेदन दिया था। इस फाइल को आगे बढ़ाने, प्रस्ताव को स्वीकृत करने और आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने के लिए क्षेत्रीय कार्यालय में तैनात सहायक प्रबंधक अभयंकर शर्मा लगातार पैसों की मांग कर रहा था। बैंक अधिकारी के इस अड़ियल और भ्रष्ट रवैये से तंग आकर फरियादी ने अंततः कानून का सहारा लेने का फैसला किया।

एसपी से शिकायत के बाद एक्शन में आई एजेंसी
रिश्वत मांगे जाने से परेशान होकर पीड़ित ने सीबीआई की जबलपुर इकाई के पुलिस अधीक्षक (एसपी) एस.के. राठी से संपर्क कर लिखित शिकायत दर्ज कराई। जांच एजेंसी ने पहले गोपनीय तरीके से शिकायत का प्रारंभिक सत्यापन किया और मामला सही पाए जाने पर आरोपी को पकड़ने के लिए पूरा जाल बुना, जिसमें बैंक अधिकारी आसानी से फंस गया।

ग्वालियर स्थित आवास पर भी सीबीआई की रेड
हिरासत में लेने के बाद सीबीआई की टीम ने आरोपी सहायक प्रबंधक से गहन पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। पकड़ा गया आरोपी अधिकारी मूल रूप से ग्वालियर का रहने वाला है। इसी सिलसिले में सीबीआई की एक अन्य टीम ने ग्वालियर में स्थित उसके निजी आवास पर भी छापामार कार्रवाई की है, ताकि उसकी संपत्ति और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा सके। बैंकिंग सेक्टर में हुई इस अचानक कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News