लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, 75,000 रूपए रिश्वत लेते सरकारी कर्मचारी गिरफ्तार; मचा हड़कंप
Tuesday, Jun 02, 2026-01:28 PM (IST)
MP Desk: रीवा लोकायुक्त की टीम ने शहडोल के ब्योहारी तहसील परिसर से एक सरकारी कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान लल्लू प्रजापति के रूप में हुई है, जो ब्योहारी तहसील कार्यालय में सहायक खंड लेखापाल के पद पर पदस्थ है। शिकायतकर्ता रमेश प्रसाद रजक (पिता मंगल प्रसाद रजक) बाणसागर के निवासी हैं, जिनसे यह रिश्वत मांगी गई थी।

विशेष बात यह है कि शिकायतकर्ता रमेश रजक, नगर परिषद खांड की उपाध्यक्ष सुधा रजक के पति हैं। आरोपी लल्लू प्रजापति सरकारी मकान का मामला निपटाने और उस पर से कब्जा हटाने के नाम पर पीड़ित से सौदा कर रहा था। इस मामले को रफा-दफा करने के लिए आरोपी सहायक खंड लेखापाल पीड़ित से पहले ही ₹35,000 की राशि एडवांस के रूप में ले चुका था। आज आरोपी तहसील परिसर में ही पीड़ित से रिश्वत की दूसरी किश्त के रूप में ₹75,000 नगद ले रहा था।

जैसे ही आरोपी ने ₹75,000 की राशि थामी, वैसे ही जाल बिछाकर बैठी लोकायुक्त रीवा की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। लोकायुक्त की इस अचानक हुई कार्रवाई से ब्योहारी तहसील कार्यालय और पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। गौरतलब है कि ब्योहारी में भ्रष्टाचार का यह कोई पहला मामला नहीं है, महज 15 दिन पहले भी लोकायुक्त की टीम ने एसडीएम (SDM) ऑफिस में एक अन्य कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए पकड़ा था।

