Punjab Kesari MP ads

MP में सहायक सचिव का अपहरण, 13 घंटे बंधक बनाकर मारपीट; ये वजह आई सामने

Thursday, Aug 06, 2026-02:58 PM (IST)

भिण्डः मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के लहार क्षेत्र में पांच लाख रुपये के कथित लेनदेन के विवाद में एक सेवा सहकारी संस्था के सहायक सचिव का कथित रूप से अपहरण कर करीब 13 घंटे तक बंधक बनाकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार फरियादी विनोद सिंह राजावत (43) निवासी बगियापुरा मछंड सेवा सहकारी संस्था में सहायक सचिव हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि ग्राम रुरई निवासी अजीत सिंह चौहान से पिछले करीब एक वर्ष से पैसों का लेनदेन चल रहा था। उनके अनुसार छह-सात दिन पहले अजीत सिंह ने उन्हें पांच लाख रुपये नकद लौटाए थे। मंगलवार को अजीत सिंह ने शेष हिसाब करने और पिता से बात कराने के बहाने उन्हें लहार बुलाया। विनोद सिंह अपनी कार से लहार पहुंचे और रास्ते में बंथरी निवासी अभिनंदन सिंह को भी साथ ले लिया।

आरोप है कि अजीत सिंह के घर पहुंचते ही वहां मौजूद पवन गुप्ता और वीर प्रताप सिंह ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शिकायत के अनुसार इसके बाद आरोपी उन्हें उनकी ही कार में बैठाकर दबोह और आलमपुर क्षेत्र में ले गए, जहां बेसबॉल बैट, प्लास्टिक पाइप, लात-घूंसों और थप्पड़ों से मारपीट की गई। इस दौरान उनके सिर, पीठ, हाथ-पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं और वह बेहोश हो गए। पीड़ति ने आरोप लगाया कि होश आने पर आरोपियों ने पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उनसे तीन चेक, पांच कोरे कागज तथा 200-200 रुपये के दो स्टाम्प पेपर पर जबरन हस्ताक्षर करा लिए।

घटना की जानकारी किसी को देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई। शिकायत के अनुसार बुधवार शाम शैलेष उपाध्याय आलमपुर पहुंचे, जिसके बाद विनोद सिंह, शैलेष और अभिनंदन लहार के लिए रवाना हुए। आरोप है कि मिहोना पार करते ही अजीत सिंह, वीर प्रताप सिंह तथा दो अन्य युवकों ने उनके साथ दोबारा मारपीट की। रात करीब 11 बजे परिजनों के पहुंचने पर वह आरोपियों के चंगुल से मुक्त हो सके।

पुलिस ने बताया कि विनोद सिंह का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें शरीर के विभिन्न हिस्सों पर चोट, लाल-नीले निशान तथा दाहिने हाथ के पंजे में सूजन की पुष्टि हुई है। उनकी शिकायत पर अजीत सिंह चौहान, वीर प्रताप सिंह, पवन गुप्ता, अभिनंदन सिंह तथा अन्य अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपहरण, बंधक बनाकर मारपीट, जान से मारने की धमकी देने और जबरन हस्ताक्षर कराने सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News