Punjab Kesari MP ads

धमधा में मधुमक्खियों का कहर, एक दिन में दो बड़ी घटनाएं महिला की मौत, राजपुर में 9 घायल

Tuesday, Mar 17, 2026-08:09 PM (IST)

धमधा (हेमंत पाल) : दुर्ग जिले के धमधा ब्लॉक में मधुमक्खियों के हमलों ने ग्रामीणों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। सोमवार को एक ही दिन में दो अलग-अलग गांवों में हुई घटनाओं ने स्थिति की गंभीरता को उजागर कर दिया। रूहा गांव में मधुमक्खियों के हमले से एक महिला की मौत हो गई, जबकि देर शाम राजपुर गांव में करीब 9 लोग घायल हो गए।

राजपुर गांव में सोसाइटी के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक मधुमक्खियों का झुंड लोगों पर टूट पड़ा। देखते ही देखते महिला, पुरुष और बच्चे इसकी चपेट में आ गए। हमले में करीब 9 लोग घायल हुए, जिनमें से दो लोगों को गंभीर रूप से जख्मी बताया गया है। ग्रामीणों ने किसी तरह घायलों को बचाकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा पहुंचाया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बीएमओ डॉ. रचना अग्रवाल की निगरानी में सभी घायलों का उपचार किया गया। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी को निगरानी में रखा गया है।

इससे पहले दिन में रूहा गांव में भी मधुमक्खियों के हमले की घटना सामने आई थी, जिसमें एक महिला की जान चली गई। इस घटना के बाद भी लोग पूरी तरह संभल नहीं पाए थे कि शाम को राजपुर में दूसरी घटना हो गई। लगातार दो घटनाओं के बाद पूरे धमधा क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल है।

विशेषज्ञों और जानकारों के अनुसार मधुमक्खियां सामान्य स्थिति में हमला नहीं करतीं, लेकिन यदि उनके छत्ते के साथ छेड़छाड़ हो जाए, किसी पक्षी द्वारा हमला किया जाए, तेज सुगंध या परफ्यूम की गंध पहुंचे, या उनके रास्ते में बाधा आए तो वे आक्रामक हो जाती हैं। पानी के स्रोतों के पास भी इनके हमले की संभावना अधिक रहती है।

घटनाओं के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। ग्रामीणों को सतर्क रहने, छत्तों के आसपास न जाने, तेज सुगंधित पदार्थों के उपयोग से बचने और सुनसान या झाड़ियों वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

एक ही दिन में हुई इन घटनाओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि क्षेत्र में मधुमक्खियों का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में छोटी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News