धमधा में फिर सड़क हादसा: ठेलका चौक बना ‘एक्सीडेंट जोन’, दपंत्ति हुए शिकार

Thursday, Mar 05, 2026-05:00 PM (IST)

धमधा (हेमंत पाल) : होली से पहले और होली के बाद लगातार सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ठेलका चौक एक बार फिर हादसे का गवाह बना, जब ठेलका चौक सोसायटी के पास एक तेज रफ्तार सब्जी वाहन अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा क्षतिग्रस्त हो गया और आसपास अफरा-तफरी मच गई। हादसे की चपेट में आकर लक्ष्मण और उनकी पत्नी सविता गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दम्पति सड़क किनारे मौजूद थे, तभी अचानक वाहन उनकी ओर मुड़ गया। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

PunjabKesari

बढ़ते हादसों से दहशत

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि खैरागढ़ से धमधा मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। खासकर ठेलका चौक और डेल्टा चौक के आसपास तेज रफ्तार वाहनों की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों का आरोप है कि यहां न तो पर्याप्त संकेतक बोर्ड हैं और न ही स्पीड ब्रेकर, जिसके चलते वाहन चालक तेज गति से गुजरते हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस क्षेत्र को दुर्घटना संभावित क्षेत्र घोषित कर तत्काल स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेत लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। लगातार हो रहे हादसों के बाद अब सवाल उठने लगे हैं कि आखिर कब तक सड़क पर खून बहता रहेगा? क्या प्रशासन हादसों के बाद जागेगा या किसी बड़े नुकसान का इंतजार किया जाएगा? फिलहाल पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News