मधुमक्खियों के हमले से महिला की मौत, रूहा गांव में दहशत का माहौल

Monday, Mar 16, 2026-04:07 PM (IST)

धमधा (हेमंत पाल) : धमधा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रूहा में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को दहला दिया। खेत में काम कर रही महिलाओं पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस हमले में 40 वर्षीय दुर्गा साहू पति रामकुमार साहू की मौत हो गई, जबकि चार से पांच अन्य महिलाएं घायल हो गईं। घटना के बाद गांव में शोक और भय का माहौल व्याप्त है।

खेत में मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्गा साहू रोज़ की तरह अन्य महिलाओं के साथ कृषि कार्य के लिए खेत गई थीं। दोपहर के समय अचानक पास के पेड़ पर लगे मधुमक्खियों के छत्ते से बड़ी संख्या में मधुमक्खियां निकल पड़ीं और खेत में काम कर रही महिलाओं पर टूट पड़ीं। हमला इतना अचानक था कि महिलाओं को संभलने का मौका तक नहीं मिला। जान बचाने के लिए वे खेतों में इधर-उधर भागीं, लेकिन तब तक कई महिलाओं को मधुमक्खियां कई बार डंक मार चुकी थीं। घटना के दौरान चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह महिलाओं को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।

अस्पताल में तोड़ा दम

घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा पहुंचाया। दुर्गा साहू की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही थी। डॉक्टरों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अन्य घायल महिलाओं का उपचार जारी है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है। चिकित्सकों के अनुसार अत्यधिक डंक लगने से शरीर में गंभीर एलर्जी और शॉक की स्थिति बन सकती है, जो जानलेवा साबित होती है।

गांव में मातम

दुर्गा साहू की असामयिक मृत्यु से रूहा गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों में इस घटना के बाद दहशत व्याप्त है। खेतों और गांव के आसपास पेड़ों पर लगे मधुमक्खी के छत्तों को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव और खेतों के आसपास लगे खतरनाक छत्तों को चिन्हित कर सुरक्षित तरीके से हटाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News