भेड़ चरा रहे लोगों पर अचानक मधुमक्खियों ने किया हमला, पांच की हालत गंभीर..
Saturday, Feb 22, 2025-07:29 PM (IST)

नीमच। मध्य प्रदेश के नीमच जिले में भेड़ चरा रहे लोगों पर अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। घटना में 7 लोग घायल हो गए, घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। बताया जा रहा है की पांच लोगों की हालत गंभीर है। यह घटना जावद थाना क्षेत्र के धनेरिया रोड़ की है। जहां शनिवार दोपहर को खेत में भेड़ चरा रहे लोगों पर अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया।
बता दें कि राजस्थान के पाली जिले से आए रेबारी भेड़ चरवाहों का परिवार भेड़ों के साथ जावद की ओर आ रहा था। इस दौरान जंगल के पास स्थित एक पेड़ पर बैठी मधुमक्खियों के झुंड ने भेड़ चरा रहे लोगों पर हमला कर दिया।
मधुमक्खियों के हमले से अचानक लोग इधर-उधर भागने लगे थे। इस हमले में 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत जावद के सिविल अस्पताल लाया गया, पांच लोगों की हालत गंभीर है, जिनको नीमच के जिला अस्पताल भेज दिया गया है। दो घायलों का इलाज जावद के अस्पताल में किया जा रहा है।