BJP प्रदेश उपाध्यक्ष के पेट्रोल पंप पर बवाल, कर्मचारियों को पीटा, जान से मारने की धमकी
Wednesday, Feb 11, 2026-11:15 AM (IST)
भोपाल। (इजहार खान): राजधानी भोपाल के बैरसिया स्थित सुमित्रा सर्विस स्टेशन (HP पेट्रोल पंप) पर मंगलवार रात गुंडागर्दी और मारपीट का मामला सामने आया है। पंप मैनेजर ने थाना बैरसिया में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मालूम हो कि यह पेट्रोल पंप एमपी सरकार के पूर्व मंत्री और वर्तमान में बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष प्रभुराम चौधरी का है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायत के अनुसार, दिनांक 10 फरवरी 2026 की रात करीब 9 बजे पेट्रोल पंप पर कर्मचारी बलवीर अहिरवार और विक्रम अहिरवार ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान एक कार पंप पर पहुंची। वाहन चालक ने गाड़ी को प्वाइंट पर खड़ा कर दिया। कर्मचारियों द्वारा गाड़ी हटाने या पेट्रोल भरवाने की बात कहने पर कार में बैठे व्यक्ति ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और कहा कि “तुम्हारी क्या हिम्मत है, जो तुम्हें करना है कर लो।
मारपीट और जान से मारने की धमकी
शिकायत में आरोप है कि कुछ देर बाद एक अन्य बोलेरो वाहन से कुछ लोग पहुंचे। आरोपियों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की, थप्पड़ मारे और धमकी दी। घटना से पंप पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यह पूरी घटना पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में क़ैद हो गई।
थाने में दी लिखित शिकायत
पेट्रोल पंप मैनेजर देवेंद्र विश्वकर्मा ने थाना प्रभारी बैरसिया को लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

