MP में सरकारी कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले! 35 साल सेवा वालों की सैलरी बढ़ेगी ₹5,000 तक
Wednesday, Jan 07, 2026-10:27 PM (IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश के शिक्षा विभाग में कार्यरत कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए खुशखबरी है। प्रदेश सरकार जल्द ही उन्हें चतुर्थ समयमान-क्रमोन्नत वेतनमान का लाभ देने जा रही है, जिससे हर महीने कम से कम 3 हजार और अधिकतम 5 हजार रुपए तक वेतन बढ़ेगा।
स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में प्रस्ताव को अंतिम रूप देकर कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेज दिया है। मंजूरी मिलते ही आदेश जारी कर दिए जाएंगे और पात्र कर्मचारियों को इसका सीधा लाभ मिलने लगेगा।
सवा लाख कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
शिक्षा विभाग में 35 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके टीचर्स, हेडमास्टर, प्रिंसिपल, लेक्चरर और सहायक संचालक स्तर तक के अधिकारी इस योजना के दायरे में आएंगे। अनुमान है कि करीब 1.25 लाख कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा, जो बीते 3 वर्षों से इस फैसले का इंतजार कर रहे थे।
किन्हें मिलेगा चौथा समयमान?
प्राइमरी और मिडिल स्कूल शिक्षक
हायर सेकेंडरी टीचर्स
लेक्चरर्स
प्रिंसिपल
सहायक संचालक स्तर के अधिकारी
हालांकि, सीधी भर्ती से आए लेक्चरर्स और प्रिंसिपल्स को यह लाभ पहले ही मिल चुका है, जबकि पदोन्नति के जरिए आए कर्मचारी अब तक इससे वंचित थे।
सरकार पर 312 करोड़ का भार
शिक्षा विभाग के अनुसार, चौथे समयमान वेतनमान लागू होने से सरकार पर लगभग 312 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा।
शिक्षक संघ की प्रतिक्रिया
मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष क्षत्रवीर सिंह राठौर ने कहा कि यह फैसला शिक्षकों के लंबे संघर्ष का परिणाम है और इससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
कैबिनेट से हरी झंडी मिलते ही आदेश जारी होंगे और वेतन में बढ़ोतरी लागू कर दी जाएगी।

