दतिया हार के बाद बड़े एक्शन की तैयारी में BJP! जांच समिति गठित, रिपोर्ट के बाद हो सकते हैं अहम फैसले
Tuesday, Aug 04, 2026-03:48 PM (IST)
भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव में मिली हार के बाद भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा कदम उठाया है। चुनाव परिणामों की विस्तृत समीक्षा के लिए प्रदेश भाजपा ने दो सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। इस समिति का उद्देश्य हार के कारणों का गहन विश्लेषण कर संगठन को रिपोर्ट सौंपना है।
प्रदेश भाजपा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रदेश महामंत्री गौरव रणदीवे तथा वरिष्ठ नेता अंबाराम कराड़ा को समिति का सदस्य बनाया गया है। दोनों नेता दतिया उपचुनाव से जुड़े जिम्मेदार पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ नेताओं से अलग-अलग चर्चा कर चुनाव परिणाम को प्रभावित करने वाले सभी पहलुओं की पड़ताल करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, समिति संगठनात्मक कमियों, चुनावी रणनीति, स्थानीय समीकरणों और संभावित भितरघात जैसे मुद्दों पर भी फीडबैक जुटाएगी। सभी तथ्यों का विश्लेषण करने के बाद समिति अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे संगठनात्मक फैसले लिए जा सकते हैं।

