विधानसभा चुनाव 2028 की तैयारी में जुटी भाजपा! 25-26 अक्टूबर को प्रदेश प्रभारी टटोलेगी संगठन की नब्ज
Thursday, Oct 22, 2026-09:02 PM (IST)
रायपुर : छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव 2028 की तैयारियों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संगठन ने अपनी गतिविधियां तेज करने की कवायद शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में प्रदेश की नवनियुक्त प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी 25 और 26 अक्टूबर को रायपुर में संगठन की मैराथन बैठकें लेंगी। ईरानी के दो दिवसीय प्रवास के दौरान वर्तमान जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों के साथ पूर्व विधायकों, पूर्व सांसदों तथा संगठन में दो कार्यकाल तक विभिन्न पदों पर रहे नेताओं से भी चर्चा की जाएगी।
भाजपा संगठन के नेताओं से मिली जानकारी के अनुसार बैठकों के लिए वर्ष 2013 और 2018 में विधायक रहे नेताओं तथा 2014 और 2019 में सांसद चुने गए नेताओं को विशेष रूप से आमंत्रित करने की तैयारी है। प्रदेश संगठन इन नेताओं की सूची तैयार कर उन्हें बैठक की सूचना देगा। ईरानी इन नेताओं से अलग-अलग वन-टू-वन चर्चा कर सकती हैं। इस दौरान संगठन की मौजूदा स्थिति, क्षेत्रीय गतिविधियों और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर उनसे फीडबैक लिया जाएगा।
भाजपा संगठन में पिछले दो कार्यकाल के दौरान विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी निभा चुके नेताओं को भी बैठक में बुलाया जा रहा है। इनमें कुछ नेता वर्तमान में मंत्री, विधायक या संगठन पदाधिकारी के रूप में सक्रिय हैं, जबकि कई नेताओं के पास फिलहाल कोई प्रमुख जिम्मेदारी नहीं है। ऐसे नेताओं से चर्चा के बाद संगठन में उनकी संभावित भूमिका तय किए जाने की संभावना है। पार्टी की रणनीति पुराने और अनुभवी नेताओं को संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ने तथा उनके अनुभव का उपयोग चुनावी तैयारियों में करने की है।
पूर्व विधायकों और सांसदों से उनके संबंधित क्षेत्रों की राजनीतिक परिस्थितियों, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और संगठन की जमीनी स्थिति की जानकारी भी ली जा सकती है। प्रदेश भाजपा प्रभारी के प्रवास के दौरान विभिन्न स्तरों पर संगठनात्मक बैठकें प्रस्तावित हैं। इनमें राज्य सरकार के मंत्री, विधायक, सांसद, प्रदेश संगठन के पदाधिकारी, निगम-मंडल और आयोगों के अध्यक्ष, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ के पदाधिकारी तथा संभाग और जिलों के प्रभारी व सहप्रभारी शामिल होंगे।
प्रदेश प्रभारी बनने के बाद ईरानी का छत्तीसगढ़ में यह पहला दौरा होगा। इस दौरान संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ विधानसभा चुनाव 2028 की तैयारियों पर भी विमर्श किया जाएगा। भाजपा की योजना चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने, क्षेत्रीय स्तर पर फीडबैक जुटाने और अनुभवी नेताओं को उनकी भूमिका के अनुरूप जिम्मेदारी देने पर केंद्रित है।

