Punjab Kesari MP ads

BJP के भीतर सियासी खींचतान तेज? राजनीति के शिकार बने भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष, जानिए पूरा मामला

Monday, Mar 23, 2026-05:04 PM (IST)

इंदौर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर का इंदौर दौरा पार्टी के भीतर सियासी घमासान का कारण बन गया। महापौर पुष्यमित्र भार्गव की मशाल यात्रा में शामिल होने की योजना पर शुरू हुआ विवाद अंततः इतना बढ़ा कि मामला हाईकमान तक पहुंच गया और संगठन को हस्तक्षेप करना पड़ा।

सूत्रों के मुताबिक, कुछ स्थानीय नेताओं ने इस दौरे को लेकर असहमति जताई और मशाल यात्रा के स्थान पर अलग रैली निकालने की तैयारी शुरू कर दी। वहीं, दूसरी ओर युवा मोर्चा के कई पदाधिकारियों ने बड़े स्तर पर रैली की तैयारियां कर ली थीं। शहर में होर्डिंग्स लगाने से लेकर भव्य स्वागत और आयोजन की रूपरेखा भी तैयार हो चुकी थी।

बताया जा रहा है कि कार्यकर्ताओं की ऑनलाइन बैठक भी बुलाई गई थी, जिसमें रैली को लेकर रणनीति बनाई जा रही थी। लेकिन इसी बीच कुछ नेताओं ने इस आयोजन को लेकर प्रदेश स्तर पर शिकायत कर दी। उनका तर्क था कि शहर में हाल ही में हुई आगजनी की घटनाओं के बाद बड़े आयोजनों को लेकर संवेदनशीलता बरतनी चाहिए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश संगठन ने हस्तक्षेप करते हुए रैली को निरस्त करने के निर्देश जारी कर दिए। इसके बाद इंदौर में प्रस्तावित रैली को पूरी तरह से रद्द कर दिया गया।

इस फैसले से जहां एक तरफ रैली की तैयारियों में जुटे कार्यकर्ताओं और नेताओं को निराशा हाथ लगी, वहीं दूसरी ओर पार्टी के भीतर गुटबाजी की चर्चा और तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, जल्द ही भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर की नई टीम की घोषणा भी की जा सकती है। बताया जा रहा है कि टीम का खाका तैयार है और उस पर प्रदेश संगठन की मंजूरी भी लगभग मिल चुकी है। इंदौर से भी कुछ नेताओं को नई टीम में शामिल किए जाने की संभावना है। कुल मिलाकर, यह पूरा घटनाक्रम भाजपा संगठन के भीतर चल रही अंदरूनी खींचतान और संतुलन साधने की जटिल राजनीति को उजागर करता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News