निगम-मंडल नियुक्तियों में हो रही देरी को लेकर बोले पूर्व कांग्रेस मंत्री -''मामा'' का पेंच फंसा है, ऐसे ही जल्दी कुछ होने नहीं देंगे

Wednesday, Feb 11, 2026-07:14 PM (IST)

(ग्वालियर): मध्य प्रदेश में बीजेपी के नेता और चाहवान निगम-मंडलों में नियुक्तियों को लेकर इंतजार में है लेकिन अभी तक बीजेपी ने इनका ऐलान नहीं किया है। वहीं निगमों और मंडलों में हो रही नियुक्तियों की देरी को लेकर कांग्रेस नेता अजय सिंह राहुल ने तंज कसते हुए लेट लतीफी का कारण बताया है। अजय सिंह ने चुटकी लेते हुए कहा है कि इन नियुक्तियों में 'मामा' का पेंच फंसा  है, मामा ऐसे ही जल्दी कुछ होने नहीं देंगे।

मामा ऐसे जल्दी कुछ होने नहीं देंगे- अजय सिंह

आपको बता दें कि  मध्यप्रदेश में निगम मंडलों में राजनैतिक नियुक्तियां प्रस्तावित हैं, इसके लिए प्रदेश बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता बेकरार हैं और लगातार हाइकमान के फैसले की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पहले ही कह चुके हैं कि निगम मंडलों में नियुक्तियों के लिए पार्टी नेताओं की लिस्ट तैयार है ,लेकिन बस ऐलान करना बाकी रह गया है। इसी चीज पर प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सिंह ने चुटकी ली है। उन्होंने कहा है कि पूरा प्रदेश इसी में फंसा हुआ है। कांग्रेस नेता अजय सिंह ने कहा है कि 'मामा' ऐसे जल्दी कुछ होने नहीं देंगे।

पार्टी मजबूती के लिए दौरो पर निकले हैं अजय सिंह

दरअसल प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय सिंह राहुल  ग्वालियर चम्बल क्षेत्र में पार्टी की मजबूती के लिए दौरे पर निकले हैं। इसी के तहत वो ग्वालियर पहुंचे थे ,जब उन्होंने ये चुटकी लेते हुए  निगमों और मंडलों में मामा की एंट्री करा दी। वहीं अजय सिंह ने कहा कि पार्टी के कुछ लोग घर पर बैठे हैं, उन्हें सक्रिय करने के लिए कोशिश करुगां, वहीं कांग्रेस के पुराने लोगों को भी पार्टी के लिए जागरुक  किया जाएगा। लिहाजा अजय सिंह राहुल का बीजेपी के निगम और मंडलों में नियुक्तियों में  देरी के लिए मामा वाला तंज काफी चर्चित हो रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Desh Raj

Related News