भाजपा नेता ने थार से कार को मारी टक्कर, पूर्व सरपंच समेत 2 की मौत, 3 गंभीर घायल; बोले- बेटी पर रखता है गंदी नजर
Friday, Apr 17, 2026-02:19 PM (IST)
खंडवाः मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां थार सवार भाजपा नेता ने कार को टक्कर मारी। घटना में पूर्व सरपंच समेत 2 की मौत हुई है। जबकि अन्य तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों का आरोप है कि यह हादसा नहीं, बल्कि हत्या की गई है। बताया कि भाजपा नेता उनकी बेटी के पीछे पड़ा हुआ है। इसके चलते वारदात को अंजाम दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह भीषण दुर्घटना मूंदी थाना क्षेत्र में कनूद के पास हुई। जहां एक तेज रफ्तार थार ने कार को टक्कर मार दी। हादसे के दौरान कार में पूर्व सरपंच समेत 5 लोग सवार थे। थार की भीषण टक्कर में कार अनियंत्रित होकर सड़क मार्ग से नीचे गड्ढे में पलट गई। थार सनावद का भाजपा नेता लवकुश राठौर चला रहा था। घटना के बाद आरोपी मौके पर फरार हो गया। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। वहीं, जलवा बुजुर्ग ग्राम की पूर्व सरपंच कुसुम पति राजेंद्र राठौर (58) और उनके बेटे सौरभ (28) की मौत हो गई। जबकि बेटी सारिका (25), बेटा रविंद्र (32), और रिश्तेदार रवींद्र पिता दिनेश (35) गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया गया कि भाजपा नेता लवकुश राठौर पर परिवार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि लवकुश राठौर उनकी बेटी के पीछे पड़ा हुआ है। जबकि पांच मई को लड़की की शादी दूसरी जगह तय है। इसके बावजूद वह बेटी समेत पूरे परिवार को परेशान कर रहा था। दो दिन पूर्व भी उनके घर पर जाकर डराया धमकाया था। इसी बीच पुलिस ने उन्हें थाने में बयान लेने के लिए बुलाया था। तभी लवकुश राठौर ने अपनी थार से वारदात को अंजाम दिया।
मामले की शिकायत पर पुलिस ने सनावद के भाजपा नेता लवकुश राठौर को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि लवकुश भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता है। उसका मुरुम का व्यापार है। परिजनों का आरोप है कि रंजिश के चलते भाजपा नेता ने घटना को अंजाम दिया है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

