2, 3 और 4 नवंबर तक मौसम विभाग की ताजा भविष्यवाणी, कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट, रहें सावधान
Monday, Nov 02, 2026-01:14 PM (IST)
रायपुरः छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘‘मुरासु‘' के प्रभाव के चलते राज्य में अगले तीन दिनों के दौरान वर्षा की गतिविधियों में तेजी आने के साथ गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने दो से चार नवंबर तक प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग से आज मिली जानकारी के अनुसार सोमवार दो नवंबर को कांकेर और धमतरी सहित प्रदेश के नौ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, तीन और चार नवंबर को बस्तर संभाग के कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस अवधि में राज्य के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। विभाग ने चेतावनी दी है कि मौसम में बदलाव के दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिर सकती है। इसके अलावा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।
राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने तथा गरज-चमक के साथ बारिश और अंधड़ चलने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इस बीच प्रदेश में रविवार को दर्ज मौसम संबंधी आंकड़ों के अनुसार सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।
वर्षा के आंकड़ों में बलरामपुर में सर्वाधिक 50 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि ओरछा में 10 मिलीमीटर वर्षा हुई। राजधानी रायपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। विशेष रूप से बस्तर संभाग में तीन और चार नवंबर को भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर मौसम की स्थिति महत्वपूर्ण रहेगी।

