MP में अगले 72 घंटें भारी! इन जिलों में तेज आंधी-बारिश मचाएगी तांडव, बिजली भी गिरेगी; रहें सावधान
Tuesday, Oct 27, 2026-10:24 AM (IST)
भोपालः मध्यप्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। राज्य में अगले चार दिन के लिए मौसम की बड़ी चेतावनी जारी की गई है। कई जिलों में भारी से अधिक भारी बारिश देखने को मिल सकती है। साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है। ऐसे में लोगों को सावधान रहने की अपील की गई है। मंगलवार को राज्य के 11 जिलों में बारिश के आसार है। इसके बाद बारिश का दायरा बढ़ सकता है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, आज यानी मंगलवार को जबलपुर समेत 11 जिलों में आंधी-बारिश की आशंका जताई गई है। इसके बाद कल यानी 28 अक्टूबर को भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं, 29 अक्टूबर को भारी से अधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान प्रदेश के सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट, जबलपुर, छतरपुर, पन्ना, कटनी, दमोह, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इसके अलावा अन्य जिलों में बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है।
वहीं, 30 अक्टूबर को छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर और शहडोल में भारी बारिश की संभावना है। ऐसे में लोगों को सावधान रहने की अपील की गई है। खराब मौसम के बीच घरों से अनावश्यक निकलने से बचने की सलाह दी गई है। किसानों को विशेष तौर पर सतर्कता बरतनी होगी। मौसम विभाग की मानें तो एमपी में इस बदलाव की वजह बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली है। दरअसल, वहां बना गहरा अवदाब गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है। इसके आगे बढ़ने के साथ मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बारिश की गतिविधियां तेज होने का अनुमान है।

