27, 28 और 29 अक्टूबर के लिए मौसम विभाग की बड़ी भविष्यवाणी! कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, रहें सावधान
Saturday, Oct 24, 2026-12:27 PM (IST)
रायपुरः छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इसके बाद 27 अक्टूबर से प्रदेश में बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा निम्न दबाव का क्षेत्र मजबूत होकर चक्रवात में बदल सकता है।
मौसम विभाग से शनिवार सुबह मिली जानकारी के मुताबिक, 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने का अनुमान है। इस बीच प्रदेश के तापमान में भी बदलाव देखने को मिलेगा। अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के आसार हैं। इससे सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस हो सकती है। फिलहाल प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई है।
राजधानी रायपुर में 24 अक्टूबर को मौसम साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इससे पहले 23 अक्टूबर को रायपुर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉडर् किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम था। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 23 अक्टूबर को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान रायपुर में 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम था। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में संभावित गिरावट से सुबह और रात की ठंड में बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में बन रहे मौसम प्रणाली के प्रभाव से अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है।

