प्रेमिका की शादी कहीं और तय हुई तो BJP नेता ने कार से रौंद दिया प्रेमिका का परिवार,मां भाई खत्म तो 3 लड़ रहे मौत से जंग
Friday, Apr 17, 2026-09:53 PM (IST)
खंडवा( मुश्ताक मंसूरी): मध्य प्रदेश के खंडवा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई थी जहां प्रेम प्रसंग के चलते भाजपा नेता ने अपनी प्रेमिका सहित पूरे परिवार को खत्म करने की साजिश रचते हुए, अपनी कार से उनकी कार को टक्कर मार दी थी। इस टक्कर में कार सवार बेटा और उसकी मां की मौत हो गई तो वहीं युवती सहित तीन लोग घायल हुए । जिनका इलाज जारी है । घटना में पुलिस ने आरोपी भाजपा नेता लवकुश को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया हैं।
सनावद निवासी भाजपा से जुड़ा नेता लवकुश ने किया कांड
दरअसल गुरुवार को बलेनो कार में सवार सौरभ अपनी माँ सुमन बाई, भाई-बहन और साले के साथ मुंदी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही थार कार ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सौरभ और उनकी माँ सुमन बाई की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में कार में सवार सारिका, रविंद्र राठौर और रवि गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही मूंदी थाना प्रभारी राजेंद्र नरवरिया और एएसआई के.एन. तिवारी अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम कर मामले की जांच की।
जांच में खुला प्रेम प्रसंग का राज
बताया जा रहा है कि थार वाहन का चालक सनावद निवासी और भाजपा से जुड़ा नेता लवकुश है। जिसका इस परिवार की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था लेकिन युवती की शादी अन्य जगह तय होने पर आरोपी ने युवती के परिवार को ही रास्ते से हटाने की लिए खौफनाक कदम उठाया और उनपर जानलेवा हमला करते हुए कार की टक्कर मार दी। इसमें दो की मौत हो गई तीन घायल हो गए । ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी शादी शुदा है युवती से उसकी उम्र भी 25 वर्ष अधिक बताई जा रही है।
इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया हैं।

