अपनी ही सरकार से उठ रहा BJP नेताओं का भरोसा! नशाखोरी बंद कराने भगवान के पास पहुंचीं पार्षद
Monday, Sep 08, 2025-04:30 PM (IST)
ग्वालियर: ग्वालियर में लगातार बढ़ रही शराबखोरी और नशाखोरी की घटनाओं को रोकने के लिए वार्ड क्रमांक 58 की BJP पार्षद अपर्णा पाटिल ने गंभीर पहल की है। उन्होंने नगर निगम और आबकारी विभाग को जागरूक करने के साथ-साथ पद्म पूज्य श्री अचलेश्वर महादेव से भी व्यवस्था सुधारने का भावनात्मक आग्रह किया।
नशाखोरी से असुरक्षित हो रहा माहौल
अपर्णा पाटिल ने अपने पत्र में लिखा कि ग्वालियर के कई सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी और नशाखोरी तेजी से बढ़ रही है। इस स्थिति से महिलाओं, बच्चों और युवाओं के लिए माहौल असुरक्षित हो गया है। उन्होंने कहा कि यह प्रवृत्ति कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन रही है और समाज में अपराध, छेड़छाड़ और झगड़ों जैसी घटनाओं को भी जन्म देती है।

आबकारी विभाग को सख्त निर्देश देने की मांग
पार्षद ने मांग की है कि आबकारी विभाग को तुरंत निर्देश दिए जाएं ताकि शासन के अनुसार शराब बिक्री और सेवन पर कड़ी निगरानी रखी जा सके और सार्वजनिक स्थलों पर शराबखोरी को पूरी तरह रोका जा सके।
महादेव पर जताया भरोसा
पत्र में अपर्णा पाटिल ने भगवान अचलेश्वर महादेव महाराज पर भरोसा जताते हुए लिखा कि 'आप ही शहर की बिगड़ी व्यवस्था को संभाल सकते हैं।' उनका यह कदम प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ धार्मिक और सामाजिक संगठनों का भी ध्यान आकर्षित कर रहा है।
कौन हैं अपर्णा पाटिल?
अपर्णा पाटिल भारतीय जनता पार्टी की पार्षद हैं। वे पहले भी शराबखोरी, अव्यवस्था और अन्य सामाजिक मुद्दों पर आवाज उठाती रही हैं। उनके कई सार्वजनिक विरोध के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं, जिनमें उन्होंने शराब की दुकानों और नशे के अड्डों पर सख्त कार्रवाई की मांग की थी।

