BJP का मंडल अध्यक्ष 11 जुआरियों के साथ खेल रहा था जुआ, अचानक DSP ने मारा छापा ,मच गया हड़कंप!
Sunday, Nov 09, 2025-07:40 PM (IST)
कटनी। (संजीव वर्मा): मध्य प्रदेश के कटनी जिले की बाकल थाना पुलिस ने शनिवार की देर रात जुए की फड़ पर छापा मारते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से भाजपा मंडल अध्यक्ष पीयूष अग्रवाल सहित 11 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। डीएसपी शिवा पाठक के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 11 हजार रुपये नगद और कई ताश की गड्डियां जब्त की हैं। बताया जा रहा है कि जुआ फड़ पीयूष अग्रवाल की ही राइस मिल में चल रहा था।
सूचना मिलते ही डीएसपी पाठक बाकल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया। पकड़े गए जुआरियों में पीयूष अग्रवाल, धर्मेंद्र सोनकर, अमित अग्रवाल, लक्ष्मण लोधी, अनिल कुमार दुबे, शंकर सिंह, शोभित जैन, संदीप साहू, शाहिद ताज, सौरभ सिंह और शिवम उर्फ गम्मू सोनी शामिल हैं।
पुलिस ने सभी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई रात करीब 11 बजे कॉम्बिंग गश्त के दौरान की गई। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर यह सख्त अभियान चलाया गया था।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बाकल क्षेत्र में लंबे समय से जुआ-सट्टे की शिकायतें मिल रही थीं, जिस पर यह कार्रवाई की गई है। पुलिस ने अब क्षेत्र के अन्य संदिग्ध ठिकानों की निगरानी और तेज कर दी है।

