सिंधिया के निर्देश पर चला बुलडोजर, BJP विधायक ने कसा तंज- ‘कलेक्टर अतिक्रमण तोड़ रहे थे, फिर ऊपर से घंटी बज गई!’
Monday, Oct 05, 2026-09:35 PM (IST)
गुना (मिस्बाह नूर) : शहर में अतिक्रमण हटाने के अभियान के बीच भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य की एक टिप्पणी ने राजनीतिक हलकों में चर्चा छेड़ दी है। नगर पालिका में आयोजित शासकीय शिविर में विधायक ने कलेक्टर की कार्रवाई पर चुटकी लेते हुए कहा कि कलेक्टर शहर में सफाई करा रहे थे और अतिक्रमण तोड़ रहे थे, फिर ऊपर से घंटी बज गई—‘ये क्या कर रहे हो?’
दरअसल, केंद्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अधिकारियों की बैठक में दशहरे से पहले शहर को साफ-सुथरा और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद जिला प्रशासन ने अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई शुरू की। नालियों और रास्तों पर किए गए अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर भी चलाया गया। इसी कार्रवाई के संदर्भ में विधायक का तंज सामने आया। हालांकि उन्होंने अपनी टिप्पणी में किसी व्यक्ति का नाम नहीं लिया, लेकिन ‘ऊपर से घंटी’ वाला उनका जुमला चर्चा का विषय जरूर बन गया।
‘संडे-मंडे नहीं, रविवार-इतवार बोलो’
शिविर में कम संख्या में हितग्राहियों की मौजूदगी और रविवार को कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर सवाल हुआ तो विधायक अपने खास अंदाज में बोले—‘हमें नहीं मालूम संडे-मंडे क्या होता है। आज रविवार और इतवार है।’ उन्होंने पत्रकारों से उनके सामने हिंदी में बात करने को भी कहा।
कलेक्टर से पहले भी कह चुके हैं ‘धरातल पर काम दिखाओ’
कलेक्टर की कार्यप्रणाली को लेकर विधायक पहले भी सार्वजनिक मंच से टिप्पणी कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि लोग कलेक्टर की तारीफ कर रहे हैं और सांसद बनने की बात कह रहे हैं, लेकिन ‘सांसद बाद में बनना, पहले गुना के लिए धरातल पर कुछ ठोस करके दिखाओ।’ गुनिया नदी की सफाई को लेकर भी उन्होंने कार्रवाई में किसी रसूखदार के दबाव में नहीं आने की बात कही थी। फिलहाल अतिक्रमण हटाने का अभियान प्रशासनिक स्तर पर जारी है। कार्रवाई के बीच विधायक की टिप्पणी ने मामले में बुलडोजर के साथ ‘घंटी’ को भी सुर्खियों में ला दिया है।

