BJP विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश की बढ़ी मुश्किलें, कोर्ट ने जारी किया स्थायी वारंट
Friday, Oct 09, 2026-03:12 PM (IST)
ग्वालियर : शिवपुरी के पिछोर विधानसभा से बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हत्या के प्रयास के एक मामले में लगातार अदालत में पेश नहीं होने पर कोर्ट ने उनके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। साथ ही, आरोपी की गिरफ्तारी होने तक केस से जुड़े दस्तावेज और जब्त संपत्ति सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं। दरअसल, पूरा मामला ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के प्रयास के प्रकरण से जुड़ा है। अपर सेशन न्यायाधीश कपिल सोनी की अदालत ने दिनेश लोधी की लगातार गैरहाजिरी को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की है।
अदालत ने निर्देश दिया है कि आरोपी की गिरफ्तारी तक मामले से संबंधित सभी दस्तावेज और पुलिस द्वारा जब्त की गई संपत्ति सुरक्षित रखी जाए। इसके अलावा, केस के मुख्य पृष्ठ पर लाल स्याही से आरोपी के फरार होने की स्थिति दर्ज करने और रिकॉर्ड या जब्त सामग्री को नष्ट नहीं करने के निर्देश भी दिए गए हैं। अदालती रिकॉर्ड के मुताबिक, दिनेश लोधी 22 जुलाई 2024 के बाद व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश नहीं हुए। 23 अगस्त 2024 से 16 मार्च 2026 तक लगातार गैरहाजिरी और हाजिरी माफी के आवेदन पेश किए जाने के बाद अदालत ने 17 अप्रैल 2026 को उनकी जमानत और बंधपत्र निरस्त कर वारंट जारी किया था।
वहीं, पुलिस की तस्दीक रिपोर्ट और प्रधान आरक्षक रघुवीर सिंह के बयान के आधार पर अदालत ने माना कि आरोपी पुलिस और न्यायालय के सामने पेश होने से बच रहा है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, दिनेश लोधी ज्यादातर समय शिवपुरी जिले के पिछोर क्षेत्र में रहते हैं और कभी-कभार ग्वालियर आते हैं।

