Punjab Kesari MP ads

भाजपा- कांग्रेस में सियासी घमासान, महापौर के खिलाफ निंदा प्रस्ताव, कांग्रेस ने सांसद से मांगा केंद्र से लाई राशि का हिसाब

Wednesday, Sep 09, 2026-01:27 PM (IST)

ग्वालियर (अंकुर जैन) : ग्वालियर में भाजपा जिला कार्यसमिति की ओर से कांग्रेस की महापौर के खिलाफ लाए गए निंदा प्रस्ताव और सांसद भारत सिंह कुशवाह के विकास कार्यों में बाधा डालने के आरोपों पर कांग्रेस ने तीखा पलटवार किया है। कांग्रेस की प्रेस वार्ता में महापौर ने भाजपा के आरोपों को पूरी तरह झूठा बताया। वहीं कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने प्रशासनिक अधिकारियों पर भाजपा के दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए कड़े तेवर दिखाए। कांग्रेस ने सांसद भारत सिंह कुशवाह से ग्वालियर के विकास के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार से लाई गई राशि का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की है।

PunjabKesari

दरअसल, भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक में ग्वालियर की कांग्रेस महापौर के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाया गया था। भाजपा सांसद भारत सिंह कुशवाह ने आरोप लगाया था कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा ग्वालियर के विकास के लिए भेजी गई राशि से होने वाले कार्यों में महापौर और नगर निगम परिषद की ओर से व्यवधान डाला जा रहा है। भाजपा के इन आरोपों के बाद कांग्रेस ने प्रेस वार्ता कर पलटवार किया।

कांग्रेस का कहना है कि ग्वालियर के विकास के लिए समय-समय पर सरकार और संबंधित विभागों को पत्र लिखकर राशि की मांग की गई, लेकिन कई मांगों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। महापौर के मुताबिक शहर की खराब सड़कों, पेच रिपेयरिंग, सीवर, पानी और अन्य विकास कार्यों के लिए लगातार राशि मांगी गई।

12 मई 2026 को अतिवृष्टि के बाद शहर में जलभराव की गंभीर स्थिति और उसके निराकरण के लिए विशेष अनुदान की मांग भी की गई थी। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर की सड़कों, सीवर और अन्य विकास कार्यों के लिए करीब 3 हजार करोड़ रुपये के प्रस्ताव भेजे जाने का दावा कांग्रेस ने किया है। महापौर का कहना है कि इन प्रस्तावों को अब तक स्वीकृति नहीं मिली है।

PunjabKesari

महापौर ने यह भी कहा कि चुंगी क्षतिपूर्ति की पूरी राशि और उसमें वृद्धि, खराब सड़कों के सुधार के लिए विशेष आर्थिक सहायता, कर्मचारियों के नियमितीकरण और वेतनमान सहित कई मुद्दों को लेकर लगातार पत्र लिखे गए। लेकिन अपेक्षित जवाब और आर्थिक सहायता नहीं मिली।

महापौर ने सांसद भारत सिंह कुशवाह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यदि केंद्र सरकार से ग्वालियर के विकास के लिए राशि लाई गई है, तो उसका स्पष्ट ब्योरा सार्वजनिक किया जाना चाहिए। उनका आरोप है कि नगर निगम को विकास कार्यों के लिए पर्याप्त सहयोग नहीं मिला और अब निंदा प्रस्ताव लाकर महापौर पर ही सवाल खड़े किए जा रहे हैं।

PunjabKesari

वहीं कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने भाजपा पर प्रशासनिक अधिकारियों को प्रभावित करने का आरोप लगाया। उन्होंने अधिकारियों से निष्पक्ष होकर काम करने और किसी भी राजनीतिक दबाव में नहीं आने की बात कही।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि अधिकारियों का रवैया नहीं बदला तो कांग्रेस उनके खिलाफ कड़ा कदम उठाएगी। उन्होंने भाजपा नेताओं पर भी हमला बोलते हुए कहा कि महापौर के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने वालों को जनता के बीच जवाब देना होगा और जरूरत पड़ी तो उनके खिलाफ भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

कुल मिलाकर, ग्वालियर के विकास और नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा जहां महापौर पर विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगा रही है, वहीं कांग्रेस सरकार और सांसद से ग्वालियर के लिए स्वीकृत और प्रस्तावित राशि का हिसाब मांग रही है। अब देखना होगा कि विकास के मुद्दे पर छिड़ी यह सियासी जंग आगे क्या नया मोड़ लेती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News