युवक कांग्रेस अध्यक्ष की ताजपोशी के लिए नेताओं में जद्दोजहद जारी, कई दावेदारों ने दिखाया दम
Friday, Jun 20, 2025-08:28 PM (IST)

रायसेन (छोटे लाल) : मध्यप्रदेश युवक कांग्रेस में संगठन का चुनावी बिगुल बज चुका है। इसके लिए जिले में सदस्यता अभियान 20 जून 2025 से शुरू होकर 19 जुलाई 2025 तक चलेगा। जिसमें प्रदेश भर के युवा विभिन्न पदों पर अपनी किस्मत आजमाएंगे। इसी क्रम में रायसेन युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष पद पर लगी सारी अटकलों पर विराम लगता दिख रहा है। इस युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष की दौड़ में वर्तमान जिलाध्यक्ष हर्ष वर्धन सोलंकी, परेश नागर, शुभम ठाकुर सहित एक दर्जन दावेदार नेताओं के संपर्क में है। वह रायसेन शहर से लेकर राजधानी भोपाल बड़े नेताओं के बंगलों पर दौड़ लगा रहे हैं।
युवक कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष वर्धन सोलंकी कांग्रेस युवा तुर्क सांसद राहुल गांधी के साथ भारत यात्रा पर भी रहे। ओबेदुल्लागंज के युवा नेता परेश नागर ने हर्षवर्धन सोलंकी के साथ इस दौरान एक वीडियो के माध्यम से संदेश प्रेषित किया था। फिलहाल युवा नेता परेश नागर अपना समर्थन हर्षवर्धन सोलंकी को देते हुए नज़र आए आ रहे हैं। हम आपको यह बता दें कि जिलाध्यक्ष निर्वाचन की फाइनल सूची में इन दोनों के ही नाम थे और अब नागर के समर्थन के बाद हर्षवर्धन सोलंकी का जिलाध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है।
जिले की चारों विधानसभाओं में विधानसभा अध्यक्ष के पद के लिए घमासान तेज़ दिखाई दे रहा है। सांची विधानसभा से करणी सेना अध्यक्ष शुभम ठाकुर की सीधी टक्कर लोधी समाज के राजेंद्र लोधी से है जो वर्तमान देवनगर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रामबाबू लोधी के पुत्र है। सिलवानी विधानसभा में क्रमशः प्रदीप करोलिया, विश्वनाथ पटेल लोधी एवं योगेंद्र गौर के बीच मुकाबला है। भोजपुर विधानसभा में त्रिकोणीय मुकाबला है जिसमें जसवंत सिंह, शुभम शर्मा एवं संजय नरवरिया में कांटे की टक्कर बताई जा रही है।
बरेली उदयपुरा विधानसभा अध्यक्ष के लिए तीन दावेदारों में सरपंच शक्ति सिंह पटेल एवं शिवम ठाकुर के बीच वर्चस्व की लड़ाई बताई जा रही है। वही जिले से प्रदेश महासचिव के लिए भी दो दावेदार आदित्य शर्मा व अनुराग रघुवंशी दम भरते नज़र आ रहे हैं। बहरहाल कि अब देखना होगा कि ऊंट किस ओर करवट लेता है।