Punjab Kesari MP ads

50 हजार रुपये की रिश्वत लेते बाबू पकड़ाया, 27 लाख के भुगतान के एवज में मांगी थी घूस; लोकायुक्त ने की बड़ी कार्रवाई

Friday, Jul 10, 2026-05:30 PM (IST)

MP desk: मध्यप्रदेश लोकायुक्त पुलिस की उज्जैन इकाई ने आगरमालवा जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी कार्यालय के एक बाबू को सेवानिवृत्त अधिकारी के लंबित भुगतान जारी करने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, जावरा (रतलाम) निवासी विजय कुमार बोरसिया ने आठ जुलाई को पुलिस अधीक्षक, लोकायुक्त उज्जैन को शिकायत दी थी कि उनके पिता गोवर्धन लाल, जो जिला आपूर्ति अधिकारी आगर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, उनके ग्रेच्युटी, बीमा, अवकाश नकदीकरण सहित करीब 27 लाख रुपये के भुगतान के लिए कार्यालय में पदस्थ बाबू मनीष कुमार पंड्या डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत का सत्यापन निरीक्षक दीपक सेजवार द्वारा कराया गया, जिसमें आरोप प्रथम द्दष्टया सही पाए गए।

इसके बाद लोकायुक्त पुलिस ने ट्रैप दल का गठन किया। आज शिकायतकर्ता से जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी कार्यालय में मनीष कुमार पंड्या ने 50 हजार रुपये की रिश्वत ली। शिकायतकर्ता के पूर्व निर्धारित संकेत पर लोकायुक्त टीम ने आरोपी को रिश्वत की राशि सहित रंगे हाथ पकड़ लिया। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक, लोकायुक्त भोपाल के निर्देशन तथा पुलिस उप महानिरीक्षक लोकायुक्त मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस उपाधीक्षक दिनेश चंद पटेल, निरीक्षक दीपक सेजवार और 10 सदस्यीय ट्रैप दल ने अंजाम दी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News