Punjab Kesari MP ads

लाइन बंद किए बिना खंभे पर चढ़ाया: बिजली सुधार रहे हेल्पर की करंट लगने से मौत, 3 महीने पहले ही हुई थी शादी

Tuesday, Sep 15, 2026-04:29 PM (IST)

छतरपुर (राजेश चौरसिया): शहर के अमानगंज मोहल्ला निवासी 30 वर्षीय संतोष अनुरागी की सोमवार रात बिजली मरम्मत के दौरान करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। संतोष बिजली विभाग में मेंटेनेंस हेल्पर के पद पर कार्यरत थे। घटना रात करीब 8 से 9 बजे के बीच की है, जब वे 11 केवी (KV) लाइन पर काम करने के लिए खंभे पर चढ़े थे। मंगलवार को जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, क्योंकि महज तीन महीने पहले ही संतोष की शादी हुई थी।

हादसे की मुख्य वजहें और परिजनों के आरोप

चालू लाइन पर चढ़ाया: संतोष जिस खंभे पर काम कर रहे थे, वहां से 11 KV और 33 KV दोनों लाइनें गुजरी थीं। काम के लिए 11 KV की सप्लाई तो बंद की गई थी, लेकिन ऊपर से जा रही 33 KV की लाइन चालू थी। इसी की चपेट में संतोष आ गए। अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप: मृतक के बड़े भाई ने बताया कि रामलाल अनुरागी के कहने पर ही संतोष खंभे पर काम करने गए थे। बिजली सप्लाई पूरी तरह बंद किए बिना ही उन्हें ऊपर भेज दिया गया।

सुध लेने नहीं पहुंचा विभाग: परिजनों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी बिजली विभाग का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी उनके घर सांत्वना देने या सुध लेने नहीं पहुंचा।

परिजनों की मांग: कार्रवाई और उचित मुआवजा मिले

पीड़ित परिवार ने बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। तीन महीने पहले उजड़े सुहाग और अपनों को खोने के गम में डूबे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News