Punjab Kesari MP ads

MP पुलिस पर गिरी गाज! थाना प्रभारी और प्रधान आरक्षक लाइन अटैच, लगा गंभीर आरोप; SP की कार्रवाई से मचा हड़कंप

Friday, Sep 11, 2026-04:59 PM (IST)

बुरहानपुरः मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले के निंबोला थाने में खंडवा के दो युवकों से कथित मारपीट के मामले में पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने थाना प्रभारी राहुल कांबले और प्रधान आरक्षक मातादीन कुशवाह को लाइन अटैच कर दिया है। उनकी जगह नावरा चौकी प्रभारी अजयसिंह चौहान को निंबोला थाने का प्रभार सौंपा गया है।

पुलिस के अनुसार खंडवा के नारायण नगर निवासी रणजीत जांगीड़ और सज्जन सिंह नागर ने आरोप लगाया था कि एक सितंबर को वे बस की एनओसी के लिए बुरहानपुर गए थे। लौटते समय रास्ते में एक वाहन ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी, जिसके बाद विवाद हुआ। दोनों ने डायल 112 पर फोन किया। आरोप है कि पुलिस उन्हें ही थाने ले गई, जहां रातभर बेल्ट और पाइप से पीटा गया तथा परिजनों से बात नहीं करने दी गई। सुबह दोनों को धारा 151 के तहत जेल भेज दिया गया। बाद में दोनों खंडवा जिला अस्पताल में भर्ती रहे और उनका वीडियो भी सामने आया था।

मामले में पुलिस अधीक्षक ने नेपानगर एसडीओपी सुरेश महाले से तथ्यात्मक प्रतिवेदन मांगा था। एसडीओपी ने अपनी रिपोटर् अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शेंडे को सौंपी। जांच में मारपीट की पुष्टि होने के बाद कारर्वाई की गई। थाना प्रभारी राहुल कांबले ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा था कि दोनों युवक शराब के नशे में थे और हंगामा कर रहे थे तथा पुलिस जवानों से बदसलूकी कर रहे थे। उन्होंने किसी तरह की मारपीट से इनकार किया था। पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने बताया कि राहुल कांबले और मातादीन कुशवाह को लाइन अटैच किया गया है तथा नावरा चौकी प्रभारी अजयसिंह चौहान को निंबोला थाने का प्रभार दिया गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News