Punjab Kesari MP ads

ओंकारेश्वर में हुए हादसे से दुखी हुए CM मोहन यादव, बोले- दोषियों को नहीं बख्शेंगे, बर्खास्तगी तक होगी कार्रवाई

Sunday, Jul 26, 2026-05:57 PM (IST)

भोपाल :  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ओंकारेश्वर में हुई  सेप्टिक टैंक दुर्घटना पर दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दुर्घटना की जवाबदेही तय कर दोषियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संपूर्ण प्रकरण की विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में लापरवाही करने वाले अधिकारी- कर्मचारियों को निलंबित किया जाये। विभागीय जाँच में दोषी पाये जाने वालों को बर्खास्त किया जायेगा। राज्य सरकार के लिये आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा अतिक्रमण नोडल अधिकारी, उपयंत्री श्री सुरेश चंद्र पाटीदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
  
जिला प्रशासन और नगरपरिषद सभी आवश्यक सावधानियां बरतें

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घाटों पर गंदगी और सीवेज नहीं गिरे, इसके लिए हर संभव व्यवस्था करने के निर्देश जिला प्रशासन और नगरपरिषद को दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि घाटों और खतरनाक स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और पुलिस/होमगार्ड की तैनाती आवश्यक रूप से की जाए। सभी सीवर चैंबर का सर्वे कर टूटे-फूटे ढक्कन तुरंत बदले जाएं और सभी तरह के मरम्मत कार्य तत्काल किए जाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भविष्य में सभी सावधानियां अपनाई जाएं। यह जिला प्रशासन का दायित्व है कि इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो। 

उल्लेखनीय है कि गत दिवस ओंकारेश्वर के ब्रह्मपुरी पार्किंग क्षेत्र में घटित दुःखद घटना में एक तीन वर्षीय बालक की सेप्टिक टैंक में गिरने से मृत्यु हो गई थी। ब्रह्मपुरी पार्किंग क्षेत्र स्थित धर्मशाला परिसर में किए गए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी। कार्रवाई उपरांत मलबे को यथा स्थान रखा गया, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मलबे से लोहा, सरिया, भंगार और अन्य सामग्री निकाली गई और सेप्टिक टैंक के ढक्कन को क्षति पहुँचाकर उसे खुला छोड़ दिया गया। इस परिस्थिति में तीन वर्षीय बालक के सेप्टिक टैंक में गिर जाने से उसकी दुःखद मृत्यु हुई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News