CAA और NRC को स्वीकार नहीं करेगी कांग्रेस, गांधी के मार्ग पर चलने वाले लोगों में से हैं: दिग्विजय सिंह

12/21/2019 4:16:29 PM

इंदौर: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस और प्रदेश सरकार किसी भी स्थिति में नागरिकता कानून और एनआरसी को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि वे गांधी के मार्ग पर चलने वाले लोगों में से हैं। देशभर में हो रही हिंसा के पक्षधर नहीं हैं। हिंसा अपनी बात रखने का सही तरीका नहीं है। प्रदेश में कमलनाथ सरकार एक, पांच नहीं, पूरे 10 साल रहेगी।

दिग्विजय सिंह यहां थैलेसीमिया चेरिटेबल हॉस्पिटल और कांग्रेस नेता कमलेश खंडेलवाल के कार्यक्रम में शिरकत करने इंदौर पहुंचे थे। नागरिकता संशोधन कानून पर केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिल में भारतीय संविधान की धारा- 14 (समानता का अधिकार) का उल्लंघन किया गया है। हम केवल नागरिकता संशोधन बिल का विरोध नहीं कर रहे, बल्कि एनआरसी का भी विरोध कर रहे हैं। क्योंकि एनआरसी अव्यवहारिक है। असम जैसे राज्य में 11 साल ने 1600 करोड़ खर्च हुए हैं। ऐसे में कैसे एनआरसी को स्वीकार किया जाए। सिंह ने कहा कि जो कानून देश के नागरिकों का हक छीन ले और उन्हें कहे कि तुम अपने आप को प्रमाणित करो तो उसके बारे में क्या कहा जाए।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस बिल के बारे में किसी भी राज्य से चर्चा नहीं की गई और बिल को सिलेक्ट कमेटी में भेजने की हमारी मांग थी, लेकिन केंद्र ने केवल बहुमत के आधार पर दबाव बनाकर बिल पास करा लिया। हम सिर्फ भारत का विकास चाहते हैं और सरकार को संविधान पर विश्वास होना चाहिए और लोगों में विश्वास पैदा करना चाहिए।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस और प्रदेश सरकार किसी भी स्थिति में नागरिकता कानून और एनआरसी को स्वीकार नहीं करेगी। फिर भले ही उस पर राजनीतिक संघर्ष लंबे समय तक जारी रहे। भूमाफियाओं पर कार्रवाई को लेकर सरकार को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन पर बिना मंजूरी के कब्जा हुए, उन पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। मैं इस कार्रवाई का पूरा समर्थन करता हूं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Jagdev Singh

Recommended News

Related News