Punjab Kesari MP ads

मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा भेजने पर कांग्रेस में घमासान! दिग्गज नेता ने जताई आपत्ति, कहा दिग्विजय सिंह ही सही थे

Friday, Jun 05, 2026-03:24 PM (IST)

भोपाल। मध्य प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस द्वारा मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद पार्टी के भीतर असंतोष के स्वर तेज हो गए हैं। यह मुद्दा अब केवल संगठनात्मक निर्णय तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सार्वजनिक बहस का विषय बनता जा रहा है। भोपाल की हुजूर विधानसभा सीट से कांग्रेस के दो बार प्रत्याशी रह चुके नरेश ज्ञानचंदानी ने पार्टी नेतृत्व के इस फैसले पर खुलकर आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को टैग करते हुए इसे “रणनीतिक चूक” बताया है।

ज्ञानचंदानी का कहना है कि उन्होंने पहले भी शीर्ष नेतृत्व को यह सुझाव दिया था कि राज्यसभा उम्मीदवार का चयन बेहद सोच-समझकर किया जाए, क्योंकि प्रदेश में क्रॉस वोटिंग की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। उनके अनुसार, इस तरह की राजनीतिक परिस्थितियों में हर वोट निर्णायक साबित हो सकता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि यदि वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह को पुनः राज्यसभा के लिए उम्मीदवार बनाया जाता, तो पार्टी की स्थिति अधिक मजबूत और सीट लगभग सुनिश्चित मानी जा सकती थी।

PunjabKesari

हालांकि, आंकड़ों के स्तर पर मध्य प्रदेश में स्थिति कांग्रेस के पक्ष में दिखाई देती है। एक राज्यसभा सीट जीतने के लिए 58 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता होती है, जबकि वर्तमान में कांग्रेस के पास लगभग 62 विधायक मौजूद हैं। इसके बावजूद, भीतरखाने की असहमति और क्रॉस वोटिंग की आशंका ने राजनीतिक समीकरणों को जटिल बना दिया है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह विवाद केवल एक नाम पर असहमति नहीं है, बल्कि प्रदेश कांग्रेस के भीतर बढ़ती गुटबाजी और रणनीतिक मतभेदों का संकेत भी है।

जैसे-जैसे राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने भीतर एकजुटता बनाए रखने और किसी भी प्रकार की क्रॉस वोटिंग को रोकने की होगी। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि पार्टी नेतृत्व इस असंतोष पर क्या रुख अपनाता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News