दतिया उपचुनाव प्रचार के आखिरी दिन दिग्विजय के साथ एक टेबल पर दिखे BJP के दिग्गज विधायक, एक तस्वीर से तेज हुई सियासी अटकलें
Wednesday, Jul 29, 2026-12:57 PM (IST)
दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दिन एक तस्वीर ने पूरे राजनीतिक माहौल का रुख अपनी ओर मोड़ दिया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार झांसी के एक होटल में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और भाजपा के सबसे वरिष्ठ विधायक गोपाल भार्गव एक ही ब्रेकफास्ट टेबल पर साथ बैठे नजर आए। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधायक जयवर्धन सिंह भी पास में मौजूद दिखाई दिए। तस्वीर सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया।
बताया जा रहा है कि दोनों वरिष्ठ नेता चुनाव प्रचार के सिलसिले में झांसी के उसी होटल में ठहरे हुए थे। सुबह नाश्ते के दौरान उनकी आमने-सामने मुलाकात हुई और कुछ देर तक दोनों के बीच बातचीत भी हुई। हालांकि, इस बातचीत का विषय क्या था, इसकी आधिकारिक जानकारी किसी भी पक्ष ने नहीं दी है।
सूत्रों के अनुसार, मुलाकात पूरी तरह औपचारिक और सौजन्य भेंट भी हो सकती है, लेकिन चुनावी माहौल और प्रचार के अंतिम दिन इस तरह की तस्वीर सामने आने से सियासी अटकलों को नया बल मिल गया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि वरिष्ठ नेताओं के बीच व्यक्तिगत संबंध हमेशा दलगत राजनीति से अलग रहे हैं, लेकिन चुनावी समय में ऐसी तस्वीरें कई तरह के संदेश छोड़ जाती हैं।
फिलहाल, यह एक तस्वीर ही सही, लेकिन दतिया उपचुनाव के आखिरी दिन इसने राजनीतिक गलियारों में नई बहस जरूर छेड़ दी है। अब यह महज शिष्टाचार भेंट थी या इसके पीछे कोई राजनीतिक संकेत छिपा है, इसका जवाब आने वाले दिनों में ही सामने आ पाएगा।

