कांग्रेस नेता का हार्ट अटैक से हुआ निधन, पूरे परिवार समेत पार्टी में शोक की लहर
Friday, May 15, 2026-02:37 PM (IST)
रायपुरः छत्तीसगढ़ के रायपुर में से इस वक्त बड़ी दुखद खबर सामने आई है। यहां पूर्व पार्षद एवं कांग्रेस नेता अमित दास का अचानक निधन हुआ है। सूत्रों के मुताबिक वह अपने दोस्तों के साथ कान्हा किसली नेशनल पार्क में घूमने गए थे। इसी दौरान हार्ट अटैक की वजह से अमित दास का निधन हुआ है। इस घटना के बाद पूरे परिवार और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है।
मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर नगर निगम के पूर्व पार्षद एवं कांग्रेस नेता अमित दास अपने कुछ दोस्तों के साथ कान्हा किसली नेशनल पार्क घूमने गए थे। यहां वह एक निजी होटल में ठहरे थे। गुरूवार रात उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। लेकिन, उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद पूर्व पार्षद को अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी। तभी अचानक उन्हें हार्ट अटैक आया और उनका निधन हो गया। बताया गया कि अमित दास रायपुर नगर निगम क्षेत्र के संतोषी नगर मोरेश्वर राव गद्रे वार्ड से लगातार तीन बार पार्षद चुने गए थे।
इस घटना की जानकारी तुरंत पुलिस, प्रशासन और परिजनों को दी गई। उनकी मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। उनके समर्थकों व कार्यकर्ताओं में भी शोक की लहर है। शुक्रवार सुबह उनका शव रायपुर लाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके बाद उनके अंतिम संस्कार की तैयारी की जाएगी। कांग्रेस नेता के घर पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच चुके है।
नगर निगम में एमआईसी सदस्य के रूप में जिम्मेदारी निभा चुके अमित दास के अचानक निधन से पूरे इलाके में मातम पसर गया है। कांग्रेस संगठन में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही। वे पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुमित दास और विनीत दास के छोटे भाई थे। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी।

