1 करोड़ की धोखाधड़ी के मामले में कांग्रेस विधायक अजब सिंह को कोर्ट से राहत, कोर्ट में अपने आरोपों से मुकरा फरियादी
Thursday, Sep 21, 2023-03:31 PM (IST)

ग्वालियर (अंकुर जैन): मुरैना के सुमावली क्षेत्र के कांग्रेस विधायक अजब सिंह कुशवाह को ग्वालियर कोर्ट की एमपी एमएलए कोर्ट ने बड़ी राहत प्रदान की है। कोर्ट ने उन्हें लगभग एक करोड़ रुपए से ज्यादा की धोखाधड़ी के आरोपों से बरी कर दिया गया है। बता दें कि अजब सिंह कुशवाह के खिलाफ जमीन संबंधी दो और मामले महाराजपुरा एवं मुरार थाने में भी दर्ज हैं जिनमें अभी फैसला आना बाकी है।
ये है पूरा मामला
कृष्ण गोपाल चौरसिया ने दो साल पहले 30 सितंबर 2021 को कांग्रेस विधायक अजब सिंह कुशवाह और उनके दामाद रंजीत सिंह कुशवाह के खिलाफ जमीन दिलाने के नाम पर एक करोड़ रुपए हड़पने का आरोप लगाया था। उन्होंने इसकी शिकायत हजीरा थाने में दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि कांग्रेस विधायक कुशवाह ने उन्हें आवासीय परिसर के मकसद से एक बड़ी जमीन दिलाने का झांसा दिया था और उनसे एडवांस के रूप में एक करोड़ आठ लाख रुपए हड़प लिए थे। दोनों पक्षों के बीच जब यह मामला नहीं सुलझा तब कृष्ण गोपाल चौरसिया ने हजीरा थाने में सुमावली विधायक अजब सिंह कुशवाह और उनके दामाद रणजीत सिंह कुशवाह के खिलाफ धोखाधड़ी और पैसे हड़पने का मुकदमा दर्ज कराया। इस मामले में पुलिस ने अभियोजन की ओर से चालान पेश किया था। लेकिन अब अचानक फरियादी कृष्ण गोपाल चौरसिया ने न्यायालय में अपने आरोपों से इनकार कर दिया। मुख्य फरियादी के हॉस्टाइल होने के कारण न्यायालय ने अजब सिंह कुशवाह और उनके दामाद को बरी कर दिया है। खास बात यह है कि जमीन संबंधी दो और मामले अजब सिंह कुशवाह के खिलाफ महाराजपुरा एवं मुरार थाने में भी दर्ज हैं जिनमें अभी फैसला आना बाकी है।