कांग्रेस अध्यक्ष रीना बोरासी ने खजराना गणेश का लिया आशीर्वाद, MP में बढ़ते रेप-गैगरेप के मामलों पर जताई चिंता
Saturday, Nov 22, 2025-05:52 PM (IST)
इंदौर (सचिन बहरानी) : मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की नई प्रदेशाध्यक्ष रीना बोरासी ने पदभार संभालने के बाद शनिवार को इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उनके आगमन पर बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहीं। रीना बोरासी ने भगवान खजराना गणेश के दर्शन किए और प्रदेश की महिलाओं के लिए शक्ति, सुरक्षा और सम्मान की कामना की।

उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भगवान गणेश हर नई शुरुआत में आशीर्वाद देते हैं, और मैं भी उनके आशीर्वाद से प्रदेश की महिलाओं के लिए मजबूत और प्रभावी संघर्ष की शुरुआत कर रही हूं। इस दौरान उन्होंने मौजूदा बीजेपी सरकार पर भी तीखे हमले किए। बोरासी ने कहा कि पिछले 22 सालों में प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार लगातार बढ़े हैं।

उन्होंने दावा किया कि “मध्य प्रदेश आज भी रेप और गैंगरेप के मामलों में देश में नंबर वन है, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है।” उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस प्रदेश के हर जिले में महिलाओं की आवाज को मजबूती से उठाएगी और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी। इस दौरान उन्होंने महिला प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को धन्यवाद दिया अब देखना होगा कि रीना बोरासी इंदौर सहित मध्यप्रदेश में कांग्रेस को कितना मजबूत कर पाती है।

