बेहद दुखद: सड़क हादसे में अनुकंपा नियुक्ति पर तैनात आरक्षक की दर्दनाक मौत, पुलिस महकमे में शोक की लहर
Friday, Jun 12, 2026-04:33 PM (IST)
पन्ना (टाइगर खान) : मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 39 पर आज शुक्रवार तड़के हुए सड़क दुर्घटना में अजयगढ़ थाना में पदस्थ एक आरक्षक की मृत्यु हो गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार अजयगढ़ थाना में पदस्थ 26 वर्षीय आरक्षक अभय श्रीवास अपने मित्र अरविंद सिंह के साथ कार से मनौर गए थे। वहां एक ढाबे पर भोजन करने के बाद दोनों रात करीब तीन बजे पन्ना लौट रहे थे। इसी दौरान स्मृति वन के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना के बाद राहगीरों और पुलिस की सहायता से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पन्ना पहुंचाया गया। उपचार के दौरान आरक्षक अभय श्रीवास की मृत्यु हो गई, जबकि अरविंद सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है।
मृतक अभय श्रीवास अपने पिता के निधन के बाद अनुकंपा नियुक्ति पर पुलिस सेवा में आए थे। इस असमय हादसे ने पूरे पुलिस महकमे और परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। फिलहाल, अज्ञात आरोपी चालक वाहन समेत फरार है। पुलिस ने मर्ग कायम शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार कातिल वाहन की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

