बिजली बिल में भारी छूट! छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी समाधान कैंप में उपभोक्ताओं को मिली 1 लाख 60 हजार 415 रूपए की राहत
Tuesday, Mar 24, 2026-09:18 PM (IST)
रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह) : छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के दक्षिण संभाग में आज समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रबंध निदेशक डिस्ट्रीब्यूशन भीमसिंह कंवर ने उपस्थित उपभोक्ताओं से सीधे वार्तालाप कर बकाया बिल की वास्तविक जानकारी ली। आज के समाधान शिविर में सक्रिय एवं निष्क्रिय उपभोक्ताओं की संपूर्ण जानकारी लेते हुए कंवर ने अधिकारियों को योजना में ज्यादा से ज्यादा हितग्राहियों को लाभ देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को समाधान योजना को मानवीय सेवा के उद्देश्य से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
आज के समाधान शिविर में हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित किया गया जो गरीब, असमर्थ, जरूरतमंद थे। इस संदर्भ में इशरत खान घरेलू उपभोक्ता (रावणभाठा जोन) की जानकारी संभाग द्वारा दी गई। जिनकी कोविड के समय से 01 लाख 9801 राशि का बकाया था, उनके पुत्र का कोविड के दौरान निधन हुआ था और तब से ये बिल भुगतान करने मे असमर्थ थी। फिर भी बीच बीच में वे कभी एक हजार कभी तीन हजार जमा करती रही। परंतु बकाया राशि अधिक होने के कारण वे इसे पूर्णतः समाप्त नहीं कर पा रही थी। दक्षिण संभाग ने मैदानी अमलों को भेज कर उन्हे समाधान योजना के बारे मे बताया और आज समाधान योजना के तहत उन्हे मिल रहे 59 हजार 981 रू की लाभ का प्रमाण पत्र दिया गया।

दक्षिण संभाग में रावणभाठा, देवपुरी और पुरैना जोन आते हैं। समाधान शिविर वहीं के पात्र उपभोक्ता को लाभ देने एवं योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु रिर्पोट तैयार कर बताया गया कि दक्षिण संभाग मे निष्क्रिय उपभोक्ताओं की संख्या 423 है जिसकी कुल बकाया राशि लगभग 42 लाख है।
समाधान शिविर के तहत इन उपभोक्ताओं को लगभग 23 लाख 42 हजार 804 रूपए राशि की छूट दी जाएगी। जिसमें बीपीएल, कृषि एवं घरेलू उपभोक्ता शामिल हैं। आज के समाधान शिविर में कुल 1 लाख 60 हजार 415 रूपए की छूट उपभोक्ताओं की दी गई। दक्षिण संभाग में सक्रिय उपभोक्ताओं न के बराबर है। जिनसे मैदानी अमलों ने बात करके पैसे जमा करने के लिए समझाईश दी गई और फलस्वरूप उपभोक्ताओं ने पार्ट पेमेंट भी कर दिया। आज के शिविर में प्रबंध निदेशक से वार्तालाप से प्रभावित होकर उपस्थित कुछ निष्क्रिय उपभोक्ता ने त्वरित भुगतान किया और कंवर ने मैदानी अमलों को पुनः कनेक्शन के आदेश दिए। इस अवसर पर मुख्य अभियंता रायपुर शहर एवं ग्रामीण संजीव सिंह, अधीक्षण अभियंता महावीर विश्वकर्मा, कार्यपालन अभियंता आशीष अग्निहोत्री उपस्थित थे।

