Punjab Kesari MP ads

CM के काफिले में घुसा नशे में सिपाही, 4 KM तक पीछा कर तोड़ा सुरक्षा घेरा, तुरंत सस्पेंड

Thursday, May 21, 2026-06:29 PM (IST)

भोपाल। राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। बुधवार देर रात मुख्यमंत्री के काफिले के दौरान एक बाइक सवार सिपाही सुरक्षा घेरा तोड़कर काफिले के भीतर पहुंच गया और कुछ दूरी तक उसे ओवरटेक करने की कोशिश करता रहा। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री रात में स्टेट हैंगर से निवास लौट रहे थे।

इस दौरान लालघाटी चौराहे से गुजरते समय ड्यूटी पर तैनात पुलिस व्यवस्था के बीच एक सिपाही अचानक बाइक लेकर काफिले के पास पहुंच गया। बताया जा रहा है कि उसने वीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा निर्देशों की अनदेखी करते हुए कई किलोमीटर तक काफिले का पीछा किया।

स्थिति को देखते हुए वायरलेस सेट के जरिए आगे तैनात पुलिस टीमों को अलर्ट किया गया। इसके बाद करबला तिराहे के पास घेराबंदी कर संबंधित सिपाही को रोक लिया गया।जांच के दौरान ब्रीथ एनलाइजर टेस्ट में सिपाही के शराब के नशे में होने की पुष्टि होने की बात सामने आई। मामले को गंभीर मानते हुए तत्काल प्रभाव से उसे निलंबित कर दिया गया।

सूत्रों के अनुसार संबंधित सिपाही निशातपुरा थाने में पदस्थ है और पुलिस विभाग से जुड़े परिवार से संबंध रखता है। वहीं घटना के बाद मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठे हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की अलग से जांच कराई जाएगी और सुरक्षा में किसी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर अतिरिक्त कार्रवाई भी की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News