अफसरशाही ही कठघरे में: CS बोले - CM कहते हैं कोई कलेक्टर बिना पैसे काम नहीं करता
Thursday, Jan 22, 2026-01:34 PM (IST)
भोपाल। प्रदेश के जिलों के प्रशासनिक हालात पर तीखी टिप्पणी करते हुए मुख्य सचिव (CS) अनुराग जैन ने कलेक्टर-एसपी के साथ हुई वीडियो कांफ्रेंसिंग में कहा कि सुशासन के बावजूद भ्रष्टाचार और पैसों के लेन-देन की शिकायतें लगातार आ रही हैं। उन्होंने खुलकर कहा, सीएम बोलते हैं कि कोई कलेक्टर बिना पैसे लिए काम ही नहीं करते। मैंने कहा, जो भी भ्रष्टाचार कर रहा है, उन्हें तुरंत हटाइए।
वीडियो कांफ्रेंसिंग में क्या हुआ?
CS जैन ने जिलों के प्रशासनिक कामकाज और शिकायत न निपटाने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। इंदौर जिले से एफआईआर न दर्ज होने की शिकायत पर CS ने पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह को फोन किया, लेकिन वह उपलब्ध नहीं थे। CS ने स्पष्ट किया कि वीडियो कांफ्रेंसिंग में एसपी की उपस्थिति जरूरी है, चाहे DGP मौजूद न हों।
मुख्य फाइंडिंग:
प्रदेश में 1343 संवेदनशील गलियां और बस्तियां, पुलिस मूवमेंट पर खतरा।
2025 में 14 जिलों में नशे के खिलाफ बैठकें नहीं हुईं।
अनुसूचित जाति और जनजाति के पीड़ितों को राहत देने में देरी, हजारों केस पेंडिंग।
हिट एंड रन मामलों में 20 जिलों में एक भी मुआवजा नहीं दिया गया।
सीमांकन, बंटवारा और नामांतरण में टीकमगढ़ और मैहर पिछड़े।
भ्रष्टाचार का उदाहरण:
नामांतरण की शिकायत में लेन-देन का आरोप सामने आया।शिकायतकर्ता ने कहा कि SDM-पटवारी 7.50 लाख रुपये में लेन-देन तय कर गए थे। कलेक्टर की जांच में शिकायतकर्ता की बात सही पाई गई।
ई-केवाईसी और समग्र की स्थिति:
42 विभागों की 139+ योजनाओं में ई-केवाईसी सत्यापन आवश्यक। भोपाल, इंदौर, आलीराजपुर, मऊगंज और जबलपुर सबसे पीछे, लगभग 2 करोड़ ई-केवाईसी बाकी। CS ने निर्देश दिए कि इसे तुरंत पूरा किया जाए।
शिकायतों की हकीकत:
100 दिन से ज्यादा पेंडिंग शिकायतें: 1,74,013
एल-3 व एल-4 स्तर पर पेंडिंग: 2,75,219
जिन शिकायतों को देखा ही नहीं गया: 98,621
एल-3 व एल-4 स्तर पर मियाद पूरी हुई शिकायतें: 1,89,293
सफाई और प्रशासनिक बदलाव:
अशोक नगर कलेक्टर आदित्य सिंह को हटाकर भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास का संचालक बनाया गया। साकेत मालवीय को अशोक नगर का नया कलेक्टर नियुक्त। जीएडी के अपर सचिव अजय कटेसरिया को अस्थायी रूप से ईएसबी के संचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया।

