Punjab Kesari MP ads

गोलीकांड से कांपा डबरा! सिख समाज के दो पक्षों में भारी बवाल, युवक गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर

Friday, Jun 19, 2026-05:34 PM (IST)

डबरा (भरत रावत) : पिछोर थाना क्षेत्र में बीती रात गोली चलने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सिख समाज के दो पक्षों के बीच विवाद के बाद एक युवक को गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पहले डबरा सिविल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, चक भटियारा निवासी रणजीत सिंह पिता बलकार सिंह को उनके रिश्तेदार रंजीत पुत्र बंता सिंह द्वारा गोली मारने का आरोप है। गोली रणजीत सिंह के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही डबरा सिटी थाना प्रभारी संजय शर्मा रात करीब एक बजे सिविल अस्पताल पहुंचे और घायल से घटना की जानकारी ली। मामला पिछोर थाना क्षेत्र का होने के कारण तत्काल पिछोर पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस सूत्रों के अनुसार विवाद का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध माना जा रहा है। चर्चा है कि कुछ समय पूर्व हुई शराब संबंधी कार्रवाई के बाद दोनों पक्षों के बीच अविश्वास और विवाद की स्थिति बनी हुई थी। मामले में एक और दिलचस्प पहलू सामने आया है। घायल रणजीत सिंह का दावा है कि उस पर दूर से गोली चलाई गई, जबकि घटनास्थल और चोट की परिस्थितियों को देखकर पुलिस अधिकारियों को गोली नजदीक से चलने की आशंका लग रही है। इसी कारण पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

घटना की सच्चाई सामने लाने के लिए फॉरेंसिक टीम की सहायता भी ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक जांच और बयान दर्ज होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी संभावित पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News