बाबा बागेश्वर पर दामोदर का तंज,वो 28 साल के मैं 50 का होने वाला हूं, हिंदू-हिंदू भाई कहने वालों दामोदर को बड़ा भाई मान पैर छूकर आशीर्वाद ले लेना
Sunday, Mar 01, 2026-10:02 PM (IST)
छतरपुर (राजेश चौरसिया): आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी की संयुक्त संकल्प यात्रा का आयोजन रविवार को छतरपुर के अटल सभागृह में प्रशासन की तय समय सीमा और गाइडलाइन के अनुसार किया गया। कार्यक्रम में दामोदर यादव, आरडी प्रजापति सहित पार्टी और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
मंच के नीचे विवाद, कुछ देर अफरा-तफरी..
सभा के दौरान अचानक मंच के नीचे दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई। हालात कुछ देर के लिए तनावपूर्ण रहे, हालांकि मौजूद पदाधिकारियों और पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत करा लिया गया। घटना के चलते कार्यक्रम कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ, लेकिन बाद में सभा दोबारा शुरू हुई।
हिंदू-हिंदू भाई कहने वालों दामोदर को बड़ा भाई मानकर पैर छूकर आशीर्वाद ले लेना
इस मौके पर दामोदर यादव ने बागेश्वर धाम सरकार पर तंज भी कसा। दामोदर यादव ने कहा कि अगर हिंदू-हिंदू भाई है तो बड़े भाई के नाते उन्हें पैर छूने चाहिए। ग्रंथों में यही लिखा है कि छोटे भाई को बड़े भाई के पैर छूने चाहिए। और वैसे भी वो 28 साल के हैं और मैं 50 साल का होने वाला हूं। हम आपकी ही बात मान लेते हैं जो ग्रथों में लिखा है, यदि हमें कृष्ण वशंज कहते हैं तो फिऱ पैर छूकर बड़े भाई का आशीर्वाद ले लेना।
विधायकों को मंच से ‘सलाह’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दामोदर यादव ने प्रदेश सरकार और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। वहीं उन्होंने बुंदेलखंडी होने के नाते उन्होंने इशारों-इशारों में बाबा को छोटा भाई बड़ा मलहरा विधायक राम सिया भारती को “छोटी बहन” और छतरपुर विधायक ललिता यादव को “बड़ी बहन” संबोधित किया।
‘पाखंडवाद’ और हिंदू राष्ट्र के मुद्दे पर बयान..
दामोदर यादव ने बिना नाम लिए कुछ धार्मिक कथावाचकों और कथित पाखंडवाद पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संविधानवादी ताकतें आडंबर और पाखंड को समाप्त कर सामाजिक न्याय की स्थापना करना चाहती हैं। साथ ही हिंदू राष्ट्र की बात करने वालों पर भी कटाक्ष करते हुए तीखी टिप्पणी की।
2028 लक्ष्य, सामाजिक समीकरण साधने की रणनीति..
वहीं मीडिया के सवाल पर कि क्या यह यात्रा कांग्रेस से टिकट न मिलने के बाद पार्टी को मजबूत करने की रणनीति है, दामोदर यादव ने कहा कि वर्ष 2028 को लक्ष्य बनाकर ओबीसी, एससी और एसटी समाज को संगठित किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि संकल्प यात्रा के माध्यम से पार्टी प्रदेश में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगी। कार्यक्रम के दौरान संभावित विरोध को देखते हुए प्रशासन द्वारा कुछ लोगों को नजरबंद किए जाने की जानकारी भी सामने आई, जिस पर दामोदर यादव ने प्रशासन का आभार जताया।

