दतिया उपचुनाव:अवधेश नायक का BJP में जाने कीअफवाहों पर पूर्ण विराम! बोले- "मैं कांग्रेस का सिपाही हूं और कांग्रेस में ही रहूंगा"
Tuesday, Jul 14, 2026-03:23 PM (IST)
दतिया (भरत रावत): दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता अवधेश नायक ने भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर आखिरकार अपनी चुप्पी तोड़ते हुए सभी अफवाहों पर पूर्ण विराम लगा दिया है। वीडियो संदेश जारी कर उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनका भाजपा में जाने का कोई फैसला नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में उनके निवास पर कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों के नेताओं का शिष्टाचारवश आना-जाना हुआ, लेकिन कुछ लोगों ने इसे राजनीतिक रंग देकर दल-बदल की झूठी चर्चाएं फैला दीं।
नायक ने दो टूक कहा, "मेरी कांग्रेस नेताओं से कोई बुराई नहीं है। मैं कांग्रेस का सिपाही हूं, कांग्रेस में था और कांग्रेस में ही रहूंगा।" उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह को अपना बड़ा भाई बताते हुए कहा कि उनके टिकट मिलने से उन्हें कोई नाराजगी नहीं है। हालांकि अवधेश नायक ने स्वीकार किया कि वे प्रदेश नेतृत्व के कुछ निर्णयों और पूर्व में किए गए वादों के पूरा नहीं होने से आहत हैं, लेकिन इसे कांग्रेस छोड़ने से जोड़ना गलत है। उन्होंने कहा कि वे अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से लगातार चर्चा कर रहे हैं और भविष्य में यदि कोई राजनीतिक निर्णय होगा तो उसकी जानकारी स्वयं सार्वजनिक रूप से देंगे।
उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चल रही अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील करते हुए कहा कि उनकी ओर से भाजपा में शामिल होने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है। नायक के इस स्पष्ट बयान के बाद दतिया उपचुनाव में उनके दल-बदल को लेकर चल रही तमाम चर्चाओं पर फिलहाल विराम लग गया है।

